‘ममता बनर्जी के भतीजे अभिषेक पर भीड़ ने किया हमला,अभिषेक बोले मुझे जान से मारने की थी साजिश ….

Abhishek Banerjee Attacked : कोलकाता: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव के बाद भड़की राजनीतिक हिंसा थमने का नाम नहीं ले रही है. ताजा मामले में तृणमूल कांग्रेस (TMC) के  दिग्गज नेता और सांसद अभिषेक बनर्जी पर दक्षिण 24 परगना के सोनारपुर में जानलेवा हमला हुआ है. चुनावी हिंसा में घायल पार्टी कार्यकर्ताओं से मिलने पहुंचे अभिषेक बनर्जी पर न सिर्फ अंडे फेंके गए, बल्कि उनके साथ मारपीट भी की गई. इस झड़प में टीएमसी सांसद के कपड़े तक फट गए.

Abhishek Banerjee Attacked:”BJP सरकार मुझे मारना चाहती है”

इस हमले के बाद मीडिया से बात करते हुए अभिषेक बनर्जी बेहद गुस्से में नजर आए. उन्होंने सीधे तौर पर राज्य की नई नवेली भाजपा सरकार को इस हिंसा के लिए जिम्मेदार ठहराया. अभिषेक बनर्जी ने अपनी फटी हुई शर्ट दिखाते हुए कहा:

“यह सब भाजपा सरकार का कराया हुआ है. यह लोग मुझे मारना चाहते हैं. मेरी शर्ट फाड़ दी है. देखिए आप लोग, मौके पर एक भी पुलिसवाला मौजूद नहीं था. हेलमेट की वजह से मेरा सिर बच गया है, वरना आज बड़ी घटना हो सकती थी.यह पूरा घटनाक्रम कैमरे पर रिकॉर्ड है और हम इस मामले को हाई कोर्ट और राज्यपाल के सामने ले जाएंगे.”

‘चोर-चोर’ के नारे और अंडों की बौछार

टीएमसी की ओर से लगाए गए आरोपों के मुताबिक, अभिषेक बनर्जी जब सोनारपुर में चुनाव में हुई हिंसा को दौरान घायल हुए पीड़ित कार्यकर्ताओं से मुलाकात कर रहे थे, उसी दौरान भाजपा समर्थकों की एक भीड़ वहां पहुंच गई. भीड़ ने अभिषेक बनर्जी को देखते ही ‘चोर-चोर’ के नारे लगाने शुरू कर दिए. देखते ही देखते माहौल बिगड़ गया और टीएमसी नेता पर अंडे फेंके जाने लगे. इसके बाद लगातार सड़क पर लोग अभिषेक के साथ बदसलूकी करते नजर आये. जिस तरह से लोगों ने हमला किया उसमें  अभिषेक बनर्जी को चोटे आईं और शर्ट भी फट गई.

आखिर सोनारपुर क्यों गए थे अभिषेक बनर्जी?

पश्चिम बंगाल विधानसभा चुनाव के दौरान सोनारपुर सीट पर भारी हिंसा देखने को मिली थी. इस सीट पर भाजपा की तरफ से रूपा गांगुली और टीएमसी की तरफ से अरुंधति मैत्रा मैदान में थीं. चुनाव प्रचार के दौरान दोनों पार्टियों के कार्यकर्ताओं के बीच हिंसक झड़पें हुई थीं, जिसमें टीएमसी कार्यकर्ता संजू कर्माकर की हत्या कर दी गई थी. अभिषेक बनर्जी इसी हिंसा में मारे गए और घायल हुए कार्यकर्ताओं के परिवारों से मिलने सोनारपुर पहुंचे थे.

डेरेक ओ ब्रायन भड़के, पूछा- “पुलिस कहां है?”

इस घटना के बाद तृणमूल कांग्रेस में भारी आक्रोश है. टीएमसी सांसद डेरेक ओ ब्रायन ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ (पहले ट्विटर) पर पोस्ट कर अपनी नाराजगी जाहिर की. उन्होंने लिखा: “आखिर बंगाल में हो क्या रहा है? लोकसभा की दूसरी सबसे मजबूत पार्टी के नेता की तब लिंचिंग करने की कोशिश की गई, जब वह चुनावी हिंसा के पीड़ित परिवार से मिलने पहुंचे थे. जिंदगी दांव पर है, पुलिस कहां है? चुनाव काउंटिंग के बाद अभिषेक बनर्जी की सुरक्षा क्यों छीनी गई? गृह मंत्री को इसका जवाब देना होगा.”

भाजपा का पलटवार: “यह पार्टी नहीं, जनता का गुस्सा है”

एक तरफ जहां टीएमसी इस हमले को भाजपा की सोची-समझी साजिश बता रही है, वहीं दूसरी तरफ भारतीय जनता पार्टी ने इसे स्थानीय जनता का आक्रोश करार दिया है. भाजपा प्रवक्ता प्रदीप भंडारी ने घटना का वीडियो शेयर करते हुए सोशल मीडिया पर लिखा, “बंगाल के लोगों का अभिषेक बनर्जी के प्रति गुस्सा अब बंगाल की सड़कों पर साफ दिख रहा है.”

इस घटना के बाद से इलाके में तनाव का माहौल है और भारी पुलिस बल तैनात कर दिया गया है. मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई की तैयारी चल रही है.

Latest news

Related news