Gold Silver Price Crash : शुक्रवार को मल्टी कमोडिटी एक्सचेंज (MCX) पर सोना और चांदी की कीमतों में जोरदार गिरावट देखने के लिए मिली. बाजार खुलते ही सोना ₹3,000 से ज्यादा टूट गया, जबकि चांदी ₹17,000 प्रति किलो से अधिक सस्ती हो गई.
सरकार की ओर से गोल्ड-सिल्वर इंपोर्ट ड्यूटी बढ़ाए जाने के बाद पहले इन कीमती धातुओं में जबरदस्त तेजी आई थी, लेकिन अब बाजार में अचानक बिकवाली बढ़ने से दोनों धातुएं क्रैश होती नजर आईं.
Gold Silver Price Crash : दो दिन में चांदी बुरी तरह टूटी
चांदी में पिछले दो कारोबारी सत्रों से लगातार गिरावट जारी है.गुरुवार को 3 जुलाई एक्सपायरी वाली चांदी MCX पर ₹2,91,102 प्रति किलो पर बंद हुई थी लेकिन शुक्रवार को बाजार खुलते ही यह गिरकर ₹2,73,636 प्रति किलो पर पहुंच गई। यानी एक ही झटके में ₹17,466 प्रति किलो की गिरावट दर्ज हुई.
अगर दो दिनों की बात करें तो चांदी ₹3,00,238 प्रति किलो से टूटकर ₹2,73,636 प्रति किलो पर आ गई है. यानी निवेशकों को ₹26,602 प्रति किलो का बड़ा झटका लगा है.
रिकॉर्ड हाई से ₹1.83 लाख सस्ती हुई चांदी
जनवरी में चांदी ने इतिहास रचते हुए पहली बार ₹4 लाख प्रति किलो का आंकड़ा पार किया था. इसके बाद यह अपने लाइफटाइम हाई ₹4,57,328 प्रति किलो तक पहुंच गई थी. अब ताजा गिरावट के बाद चांदी अपने ऑल टाइम हाई से ₹1,83,692 प्रति किलो तक सस्ती हो चुकी है.
सोने की चमक भी फीकी पड़ी
चांदी के साथ-साथ सोने की कीमतों में भी तेज गिरावट दर्ज की गई.5 जून एक्सपायरी वाला सोना गुरुवार को ₹1,61,978 प्रति 10 ग्राम पर बंद हुआ था. शुक्रवार को यह गिरकर ₹1,58,852 प्रति 10 ग्राम पर पहुंच गया. इस तरह सोना ₹3,126 प्रति 10 ग्राम सस्ता हो गया.
सोना भी रिकॉर्ड स्तर से काफी नीचे
MCX पर सोने का लाइफटाइम हाई ₹2,02,984 प्रति 10 ग्राम है. मौजूदा गिरावट के बाद सोना अपने उच्चतम स्तर से ₹44,132 प्रति 10 ग्राम नीचे कारोबार कर रहा है. यह निवेशकों के लिए राहत की खबर हो सकती है, लेकिन बाजार में उतार-चढ़ाव अभी भी जारी रहने की संभावना है.
निवेशकों के लिए जरूरी सलाह
विशेषज्ञों का कहना है कि सोना-चांदी में फिलहाल भारी अस्थिरता बनी हुई है. ऐसे में गोल्ड, सिल्वर या गोल्ड-सिल्वर ETF में निवेश करने से पहले बाजार विशेषज्ञों की सलाह जरूर लें. आने वाले दिनों में इंपोर्ट ड्यूटी और वैश्विक संकेतों के आधार पर कीमतों में और उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है.

