Weather Alert नई दिल्ली : पूरा उत्तर भारत इस समय भीषण लू और त्वचा झुलसाने वाली गर्मी की चपेट में है. लोग सूरज की तपिश से बेहाल हैं, इसी बीच भारतीय मौसम विज्ञान विभाग (IMD) ने एक सुकून भरी खबर दी है. मौसम विभाग के मुताबिक एक ताजा पश्चिमी विक्षोभ (Western Disturbance) सक्रिय हो रहा है, जिससे उत्तर भारत के कई हिस्सों में मौसम का मिजाज बदलने की उम्मीद है.
#WATCH | Delhi | IMD scientist, Akhil Srivastava says, “Thunderstorm warnings have been issued for Uttarakhand, Himachal Pradesh and J&K due to a Western Disturbance. A hailstorm warning has been issued for Himachal Pradesh & Uttarakhand for tomorrow. Thunderstorm activity is… pic.twitter.com/YdG3KymIl5
— ANI (@ANI) April 28, 2026
Weather Alert : पहाड़ी राज्यों में ओलावृष्टि की चेतावनी
मौसम विभाग के वैज्ञानिक अखिल श्रीवास्तव के अनुसार, पश्चिमी विक्षोभ के चलते हिमालयी क्षेत्रों के मौसम में बड़ा बदलाव आएगा. उत्तराखंड, हिमाचल प्रदेश और जम्मू-कश्मीर के लिए आंधी-तूफान की चेतावनी जारी की गई है. विशेष रूप से बुधवार को हिमाचल और उत्तराखंड के कई इलाकों में ओलावृष्टि (Hailstorm) होने की संभावना है, जिससे तापमान में तेजी से गिरावट आएगी.
मैदानी इलाकों में गिरेगा पारा, पंजाब-हरियाणा में अलर्ट
पहाड़ों पर होने वाली हलचल का असर मैदानी राज्यों में भी देखने को मिलेगा। अगले दो दिनों के दौरान पंजाब और हरियाणा में आंधी-तूफान की गतिविधियां बढ़ने की उम्मीद है। मौसम विभाग का अनुमान है कि इन गतिविधियों के कारण अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की जा सकती है, जिससे लोगों को लू से राहत मिलेगी।
पूर्वी भारत के लिए ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी
गर्मी का सितम सिर्फ उत्तर भारत तक सीमित नहीं है, लेकिन राहत की बौछारें पूर्व की ओर भी बढ़ रही हैं. गंगा के मैदानी इलाकों से सटे पश्चिम बंगाल, बिहार, ओडिशा और झारखंड के लिए मौसम विभाग ने आंधी-तूफान का ‘ऑरेंज अलर्ट’ जारी किया है. इसके अलावा, अगले सप्ताह पूर्वोत्तर भारत के राज्यों में भारी से बहुत भारी बारिश होने का अनुमान जताया गया है.
दिल्ली-NCR में धूल भरी आंधी और बौछारें
देश की राजधानी दिल्ली में भी गर्मी से राहत मिलने के आसार हैं. IMD के मुताबिक, बुधवार और गुरुवार को दिल्ली में मौसम करवट लेगा. इस दौरान 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से तेज हवाएं चलने और हल्की से बहुत हल्की बारिश होने की संभावना है. बादलों की आवाजाही और ठंडी हवाओं के चलते दिल्लीवासियों को उमस भरी गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है.

