Samrat Choudhary Oath पटना: भारतीय जनता पार्टी के राजनीतिक इतिहास में आज 15 अप्रैल, 2026 का दिन स्वर्ण अक्षरों में दर्ज हो गया है. दशकों तक गठबंधन की राजनीति में ‘जूनियर पार्टनर’ की भूमिका निभाने वाली भारतीय जनता पार्टी ने आखिरकार राज्य की कमान सीधे अपने हाथ में ले ली है. नीतीश कुमार के इस्तीफे के बाद सम्राट चौधरी ने बुधवार सुबह पटना के लोकभवन में बिहार के 24वें मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली.
#WATCH | Patna, Bihar: Samrat Choudhary takes oath as the Chief Minister of Bihar
He becomes the first Bharatiya Janata Party (BJP) Chief Minister of Bihar following the resignation of Nitish Kumar. pic.twitter.com/ObDBH2RxJr
— ANI (@ANI) April 15, 2026
Samrat Choudhary Oath: राज्यपाल ने दिलाई गोपनीयता की शपथ
एक भव्य समारोह के दौरान राज्यपाल सैय्यद अता हसनैन ने सम्राट चौधरी को पद और गोपनीयता की शपथ दिलाई. जैसे ही सम्राट चौधरी ने मुख्यमंत्री पद की शपथ ली, पूरा परिसर ‘जय श्री राम’ और ‘भारत माता की जय’ के नारों से गूंज उठा. यह बिहार के 75 साल के इतिहास में पहली बार है जब भारतीय जनता पार्टी का कोई नेता मुख्यमंत्री की कुर्सी पर बैठा है.
दो डिप्टी सीएम के साथ नई सरकार की शुरुआत
सम्राट चौधरी के साथ सत्ता के संतुलन को साधने के लिए जेडीयू कोटे से दो अनुभवी नेताओं ने भी शपथ ली:
-
विजय कुमार चौधरी: डिप्टी सीएम (जेडीयू कोटा)
-
बिजेंद्र प्रसाद यादव: डिप्टी सीएम (जेडीयू कोटा)
फिलहाल कैबिनेट में केवल इन तीन मुख्य चेहरों ने ही शपथ ली है. बताया जा रहा है कि नई एनडीए सरकार में अभी 33 मंत्री पद खाली हैं, जिन्हें आगामी विस्तार के दौरान भरा जाएगा.
दिग्गजों का जमावड़ा
शपथ ग्रहण समारोह में शक्ति प्रदर्शन की झलक साफ दिखी. इस ऐतिहासिक पल का गवाह बनने के लिए बीजेपी के राष्ट्रीय अध्यक्ष और केंद्रीय मंत्री जेपी नड्डा, बिहार बीजेपी के दिग्गज नेता नितिन नवीन, लोजपा (रामविलास) के प्रमुख चिराग पासवान और हम (HAM) संरक्षक जीतन राम मांझी विशेष रूप से मौजूद रहे. चिराग पासवान और जीतन राम मांझी की मौजूदगी ने यह साफ कर दिया है कि नई सरकार को गठबंधन के साथियों का पूर्ण समर्थन प्राप्त है.
क्यों ऐतिहासिक है सम्राट चौधरी का मुख्यमंत्री बनना?
बिहार में बीजेपी लंबे समय से नीतीश कुमार के चेहरे के सहारे सत्ता में रही है लेकिन यह पहला मौका है जब पार्टी ने अपने ही नेतृत्व पर दांव खेला है. सम्राट चौधरी, जो अपनी आक्रामक राजनीति और ‘पगड़ी’ वाले संकल्प के लिए जाने जाते थे, अब बिहार के विकास और कानून व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालेंगे.

