मथुरा में बड़ी नाव दुर्घटना : यमुना में पलटी श्रद्धालुओं से भरी नाव, लुधियाना के 10 लोगों की मौत, कई अब भी लापता

Boat Accident Mathura : उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में शुक्रवार को एक हृदयविदारक घटना सामने आई है, जहां वृंदावन के प्रसिद्ध केसी घाट के पास यमुना नदी में श्रद्धालुओं से भरी एक नाव अनियंत्रित होकर पलट गई. जानकारी के अनुसार, पंजाब के लुधियाना से करीब 30 श्रद्धालुओं का एक दल वृंदावन दर्शन के लिए आया था. ये सभी लोग यमुना भ्रमण के लिए नाव पर सवार हुए थे लेकिन तेज हवाओं और ओवरलोडिंग के कारण नाव अपना संतुलन खो बैठी और नदी के पैंटून पुल से जा टकराई. टक्कर इतनी जोरदार थी कि नाव तुरंत पानी में समा गई और चारों ओर चीख-पुकार मच गई.

Boat Accident Mathura की खबर सुन दौरे स्थानीय लोग

हादसे की सूचना मिलते ही स्थानीय लोग, पुलिस और गोताखोरों की टीम तुरंत मौके पर पहुंची और राहत बचाव कार्य शुरू किया. गोताखोरों ने अब तक नदी से 10 श्रद्धालुओं के शव बरामद किए हैं, जबकि 15 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया है. प्रशासन का मानना है कि नाव की क्षमता से अधिक लोग उस पर सवार थे, जिस कारण यह हादसा हुआ. एसडीएम ऋतु सिरोही ने स्पष्ट किया है कि प्राथमिक जांच में ओवरलोडिंग ही दुर्घटना की मुख्य वजह नजर आ रही है. फिलहाल लापता लोगों की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन युद्ध स्तर पर चलाया जा रहा है.

गोताखोरों  की टीम रेस्क्यू ऑपरेशन में जुटी   

घटना की गंभीरता को देखते हुए जिले के वरिष्ठ अधिकारी, जिनमें डीएम, एसएसपी और डीआईजी शामिल हैं, मौके पर पहुंच चुके हैं. जिला प्रशासन ने स्थिति को संभालने के लिए एनडीआरएफ और सेना की मदद भी मांगी है. डीएम चंद्र प्रकाश सिंह ने बताया कि स्थानीय गोताखोरों के साथ मिलकर तलाशी अभियान जारी है और अस्पतालों को हाई अलर्ट पर रखा गया है ताकि घायलों को तुरंत उपचार मिल सके. प्रशासन ने घोषणा की है कि सभी घायलों का इलाज सरकारी खर्च पर मुफ्त किया जाएगा.

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने भी इस दुखद घटना का संज्ञान लिया है. उन्होंने मृतकों के परिजनों के प्रति गहरी संवेदना व्यक्त करते हुए अधिकारियों को निर्देश दिए हैं कि राहत और बचाव कार्यों में किसी भी तरह की कोताही न बरती जाए. मुख्यमंत्री ने घायलों को समुचित चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने और रेस्क्यू ऑपरेशन में तेजी लाने के कड़े आदेश दिए हैं. नदी में अब भी लापता लोगों की तलाश जारी है, जिससे मृतकों का आंकड़ा बढ़ने की आशंका जताई जा रही है.

Latest news

Related news