Haryana Budget Session Record चंडीगढ़ : हरियाणा विधानसभा के बजट सत्र के दौरान गुरुवार को प्रश्नकाल में एक नया रिकॉर्ड स्थापित हुआ. प्रश्नकाल के लिए निर्धारित किये गये सभी 20 प्रश्नों को सदन की कार्यवाही में शामिल किया गया और महज 55 मिनट के भीतर सरकार ने सभी प्रश्नों के जवाब दे दिये. सरकार के जवाब के बाद सदन में इस पर चर्चा भी हुई.
‘अंत्योदय’ का उत्कृष्ट उदाहरण-सभी सदस्यों को मिला बोलने का मौका’
आज के प्रश्न काल की उपलब्धि को लेकर विधानसभा अध्यक्ष हरविन्द्र कल्याण ने कहा कि ये लोकतांत्रिक व्यवस्था और ‘अंत्योदय’ की भावना का उत्कृष्ट उदाहरण है. उन्होंने कहा कि आज के प्रश्नकाल में सवाल लगाने वाले हर सदस्य को संतोषजनक जवाब मिला और सभी को अपनी बात रखने का अवसर भी मिला.
विधानसभा अध्यक्ष ने सभी सदस्यों और मंत्रियों का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि सभी ने संक्षिप्त और स्पष्ट तरीके से अपनी बात रखकर कार्यवाही को सुचारू रूप से चलाने में सहयोग दिया. कई सदस्यों और मंत्रियों ने भी इस कार्यप्रणाली की सराहना की.
सदन की कार्यवाही से हटाए गए कुछ शब्द
बजट अनुमानों पर चर्चा के दौरान कुछ शब्दों को अध्यक्ष के आदेश पर सदन की कार्यवाही से हटा दिया गया है.
- विधायक निर्मल सिंह द्वारा दादुपर नलवी नहर के मुद्दे पर पूर्व मुख्यमंत्री मनोहर लाल खट्टर को लेकर कही गई टिप्पणी को कार्यवाही से हटाया गया।
- निर्मल सिंह द्वारा कानून व्यवस्था पर टिप्पणी में प्रयुक्त शब्द भी रिकॉर्ड से हटाए गए।
- वहीं विधायक अशोक अरोड़ा द्वारा प्रयुक्त “लूट” शब्द को भी अध्यक्ष के आदेश पर कार्यवाही से निकाल दिया गया।
विधानसभा सचिवालय के अनुसार, सदन की मर्यादा और संसदीय परंपराओं को बनाए रखने के लिए यह निर्णय लिया गया.

