PM Modi Women’s Reservation Bill : महिला आरक्षण बिल के लोकसभा में पारित ना हो पाने के बाद कल से सत्ता पक्ष विपक्ष पर हमलावर है. पक्ष और विपक्ष की तरफ से लगातार महिलाओं के अधिकारों को लेकर बहस जारी है. इस बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आज (शनिवार) रात 8:30 बजे राष्ट्र को संबोधित करने जा रहे हैं. प्रधानमंत्री कार्यालय (PMO) की तरफ से संबोधन की पुष्टि कर दी है. अब राजनीतिक गलियारों में अटकलें तेज हैं कि प्रधानमंत्री सीधे तौर पर महिला आरक्षण के मुद्दे पर जनता से संवाद करेंगे और विपक्ष की भूमिका पर अपनी बात रखेंगे.
PM Modi Women’s Reservation Bill: कैबिनेट बैठक में दी चेतावनी
सूत्रों के हवाले से बड़ी खबर सामने आ रही है कि शनिवार को हुई कैबिनेट बैठक के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी विपक्ष के रवैये पर काफी सख्त नजर आए. उन्होंने स्पष्ट रूप से कहा कि विपक्ष ने इस ऐतिहासिक बिल का समर्थन ना करके महिलाओं के हितों के खिलाफ काम किया है. पीएम ने इसे विपक्ष की एक बड़ी राजनीतिक भूल करार दिया और चेतावनी दी कि आने वाले समय में उन्हें इसका भारी खामियाजा भुगतना पड़ेगा. उन्होंने मंत्रियों को यह संदेश गांव-गांव तक पहुंचाने का निर्देश दिया है कि विपक्ष की सोच महिला विरोधी है.
संसद में आरक्षण पर घमासान
संसद के निचले सदन में संविधान (131वां संशोधन) बिल को लेकर जो वोटिंग हुई, उसके नतीजे चौंकाने वाले रहे. इस बिल के जरिए लोकसभा और विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने और सीटों की संख्या बढ़ाकर 850 करने का प्रावधान था. सदन में बिल के पक्ष में 298 वोट पड़े, लेकिन दो-तिहाई बहुमत की अनिवार्य शर्त को पूरा करने के लिए यह संख्या काफी नहीं थी. बिल के विरोध में 230 वोट पड़े, जिसके चलते यह प्रस्ताव गिर गया और इसी के साथ सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच आरोप-प्रत्यारोप का दौर शुरू हो गया.
बीजेपी और कांग्रेस में वार-पलटवार
कांग्रेस की ओर से प्रियंका गांधी ने इस हार को बीजेपी के लिए ‘काला दिन’ और लोकतंत्र की जीत बताया है. उन्होंने कहा कि 2014 के बाद यह पहली बार है जब केंद्र सरकार को सदन में अपनी हार स्वीकार करनी पड़ी है. दूसरी ओर, बीजेपी ने भी जवाबी हमला बोलने में देरी नहीं की. केंद्रीय मंत्री किरेन रिजिजू और रविशंकर प्रसाद ने प्रेस कॉन्फ्रेंस कर कांग्रेस को आड़े हाथों लिया. उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस कभी नहीं चाहती थी कि महिलाओं को उनका हक मिले और इसी कारण उन्होंने जानबूझकर बिल को गिराने की साजिश रची.

