US crime: टेक्सास के डलास में एक 50 वर्षीय भारतीय नागरिक का सर कलम कर दिया गया. मृतक मोटल मैनेजर था. जिसका उसके सहकर्मी के साथ वॉशिंग मशीन को लेकर विवाद हुआ और इसी विवाद में उसका बेरहमी से सिर कलम कर दिया गया.
बेटे और पत्नी के सामने किया सर कलम
दिल दहला देने वाली ये घटना पीड़ित की पत्नी और किशोर बेटे के सामने हुई. पुलिस ने संदिग्ध, 37 वर्षीय योर्डानिस कोबोस-मार्टिनेज को गिरफ्तार कर लिया है और उस पर हत्या का आरोप लगाया है.
वह बिना ज़मानत के हिरासत में है और अगर दोषी पाया जाता है, तो उसे बिना पैरोल के आजीवन कारावास या मृत्युदंड हो सकता है.
US crime: क्या है पूरा मामला
यह हत्या बुधवार सुबह डाउनटाउन सूट्स मोटल में हुई. पीटीआई ने डलास पुलिस विभाग के हवाले से बताया, की इसी मोटल में दोनों व्यक्ति काम करते थे. मूल रूप से कर्नाटक निवासी पीड़ित चंद्र मौली “बॉब” नागमल्लैया का कोबोस-मार्टिनेज के साथ एक खराब वाशिंग मशीन को लेकर झगड़ा हो गया था.
पुलिस के अनुसार, एक साथी मोटल कर्मचारी ने बताया कि वह कोबोस-मार्टिनेज के साथ एक कमरा साफ़ कर रही थी, तभी नागमल्लैया वहाँ पहुँचे और उन्हें खराब मशीन का इस्तेमाल न करने का निर्देश दिया.
मामला तब बढ़ गया जब नागमल्लैया ने कोबोस-मार्टिनेज से सीधे बात करने के बजाय किसी और व्यक्ति से अपने निर्देशों का अनुवाद करने को कहा, जिससे कथित तौर पर वह क्रोधित हो गया.
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुई घटना
मोटल की सीसीटीवी फुटेज में कोबोस-मार्टिनेज को घटनास्थल से जाते हुए, एक कुल्हाड़ी लेकर वापस आते हुए और नागमल्लैया पर हमला करते हुए देखा जा सकता है. पीड़ित ने भागने की कोशिश की और मोटल के कार्यालय की ओर भागा, जहाँ उसकी पत्नी और 18 वर्षीय बेटा मौजूद थे.
पत्नी और बेटे ने उसे बचाने की उनकी भरसक कोशिशों की, लेकिन संदिग्ध ने नागमल्लैया का पीछा किया और उसके परिवार के सामने जानलेवा हमला किया.
आरोपी का पहले से रहा है आपराधिक रिकॉर्ड
जांचकर्ताओं ने खुलासा किया कि कोबोस-मार्टिनेज का ह्यूस्टन में पहले भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है, जिसमें वाहन चोरी और हमले के मामलों में गिरफ्तारियाँ शामिल हैं.
दोस्तों और रिश्तेदारों ने नागमल्लैया, जिन्हें प्यार से बॉब के नाम से जाना जाता था, को एक दयालु और देखभाल करने वाले व्यक्ति के रूप में वर्णित किया, जो अपनी पत्नी और बेटे के प्रति समर्पित थे.
अंतिम संस्कार शनिवार को होगा
उन्होंने कहा, “यह अकल्पनीय त्रासदी न केवल अचानक हुई, बल्कि बेहद दर्दनाक भी थी. बॉब की जान एक क्रूर हमले में चली गई, जो उनकी पत्नी और बेटे के सामने हुआ, जिन्होंने बहादुरी से उनकी रक्षा करने की कोशिश की थी. इस घटना की चौंकाने वाली प्रकृति ने हमारे समुदाय को झकझोर कर रख दिया है.”
डलास में भारतीय समुदाय शोकाकुल परिवार के साथ खड़ा हो गया है और नागमल्लैया के अंतिम संस्कार, तत्काल रहने के खर्च और बेटे की कॉलेज शिक्षा के लिए धन जुटाने हेतु एक अभियान शुरू किया है. अंतिम संस्कार शनिवार को होना है.
ये भी पढ़ें-दिल्ली की अदालत ने भारतीय नागरिकता से पहले Sonia Gandhi को मतदाता सूची में शामिल करने संबंधी याचिका खारिज की

