सऊदी अरब के यमन हूती ठिकानों पर हमले से नई जंग का खतरा बढ़ा!

सना। सऊदी अरब के नेतृत्व वाले गठबंधन ने यमन के हुदैदाह में हूतियों के सैन्य ठिकानों पर हवाई हमले किए हैं। ये हमले लाल सागर में सऊदी से जुड़े जहाजों पर हूतियों के हमलों के जवाब में किए गए। सऊदी नेतृत्व वाले गठबंधन के प्रवक्ता मेजर जनरल तुर्की अल मल्की ने एक्स पर कहा कि होदैदाह प्रांत में आतंकवादी हूती मिलिशिया के वैध सैन्य ठिकानों के खिलाफ उचित सैन्य जवाबी कार्रवाई की।
ये हमले तब हुए हैं, जब यमन के हूतियों ने इस हफ्ते लाल सागर से गुजर रहे सऊदी अरब के 2 तेल टैंकरों पर हमला किया था। सऊदी अरब ने इनमें से एक हमले की पुष्टि की है। हूतियों ने इसी हफ्ते कहा था कि वह लाल सागर में सऊदी अरब के खिलाफ नाकेबंदी करेंगे। इसके बाद सऊदी अरब ने सख्त जवाबी कार्रवाई की चेतावनी दी थी।
वहीं, हूती संचालित टीवी ने बताया है कि सऊदी हमलों ने लाल सागर के इलाके वाले बंदरगाह शहर होदैदाह को निशाना बनाया है। सऊदी हमलों में होदैदाह शहर में सरकारी टेलीकॉम कंपनी की सुविधाओं को निशाना बनाया गया। इसने यह भी बताया कि सऊदी सेना ने यमन के पश्चिमी तट के पास स्थित कामरान द्वीप को निशाना बनाया।
रिपोर्ट के मुताबिक यह भी कहा गया है कि हवाई यातायात को खुला रखने के लिए किसी भी एयरपोर्ट को निशाना नहीं बनाया। हालांकि, उन्होंने हूती विद्रोहियों पर सना इंटरनेशनल एयरपोर्ट पर फ्लाइट ऑपरेसन की इजाजत न देने का आरोप लगाया। इसके साथ ही चेतावनी दी कि सऊदी अरब अपने जहाजों और हितों की रक्षा के लिए जरूरी कदम उठाना जारी रखेगा। इन हमलों के बाद सऊदी अरब और यमन के हूतियों के बीच एक बार फिर से जंग शुरू होने का खतरा बढ़ गया है। साल 2022 में हूतियों और सऊदी अरब के बीच समझौते के बाद ज्यादातर बड़ी लड़ाई रुक गई थी। ताजा हमलें पिछले सालों में सऊदी गठबंधन सेना और हूतियों के बीच पहली घटना है।

Latest news

Related news