उत्तराखंड में विकास और स्वास्थ्य सेवाओं को बड़ा बूस्ट: सीएम धामी ने दी 218 करोड़ रुपये की वित्तीय स्वीकृति, कई बड़े प्रोजेक्ट्स को हरी झंडी

Uttarakhand Development Schemes देहरादून : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री  पुष्कर सिंह धामी ने प्रदेश के चहुंमुखी विकास, बुनियादी ढांचे (इंफ्रास्ट्रक्चर) को मजबूत करने और स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाने के लिए ₹218 करोड़ की भारी-भरकम वित्तीय स्वीकृति प्रदान की है. इन स्वीकृतियों से राज्य में सड़क निर्माण, बाढ़ सुरक्षा, पर्यटन सुविधाओं के विकास और शिक्षा क्षेत्र को सीधा लाभ मिलेगा.

स्वास्थ्य सेवाओं और चिकित्सा अधोसंरचना का विस्तार

  • मेडिकल इन्फ्रास्ट्रक्चर: भारत सरकार के ‘प्रधानमंत्री आयुष्मान भारत हेल्थ इन्फ्रास्ट्रक्चर मिशन-1.0’ और ‘इंफ्रास्ट्रक्चर मेंटेनेंस’ योजना के अंतर्गत वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए चिकित्सा एवं लोक स्वास्थ्य क्षेत्र में नए लेखाशीर्षक खोलने की अनुमति दी गई है.

  • राज्य आकस्मिकता निधि: केन्द्रांश के सापेक्ष राज्यांश के रूप में कुल ₹13.48 करोड़ की धनराशि राज्य आकस्मिकता निधि से स्वीकृत करने का अनुमोदन प्रदान किया गया है.

अशासकीय महाविद्यालयों के कार्मिकों के वेतन के लिए बजट जारी

उच्च शिक्षा विभाग के अंतर्गत प्रदेश के 21 अशासकीय महाविद्यालयों में कार्यरत शैक्षणिक व गैर-शैक्षणिक कार्मिकों के वेतन आदि के भुगतान के लिए चालू वित्तीय वर्ष 2026-27 के तहत कुल ₹155.38 करोड़ के सापेक्ष अवशेष धनराशि ₹77.69 करोड़ जारी करने की स्वीकृति दे दी गई है. इससे कर्मचारियों को समय पर वेतन मिलने का रास्ता साफ हो गया ह.

विभिन्न जनपदों में विकास एवं निर्माण कार्यों को मिली गति

मुख्यमंत्री ने विभिन्न विधानसभा क्षेत्रों में जनहित से जुड़े निर्माण और सौंदर्यीकरण कार्यों के लिए भी धन राशि स्वीकृत की है:

  • धारचूला (पिथौरागढ़): ग्राम सभा दर में आंतरिक संपर्क मार्ग के निर्माण हेतु ₹93.08 लाख.

  • पिथौरागढ़ विधानसभा: भूमिया मंदिर गैंठन से काल्सिन मंदिर एवं खूनी गांव तक सड़क निर्माण (प्रथम चरण) हेतु ₹92.32 लाख.

  • खटीमा (उधमसिंहनगर): शिव मंदिर अंजनिया में सौंदर्यीकरण, सुरक्षा एवं चारदीवारी निर्माण हेतु ₹10.00 लाख.

  • कपकोट (बागेश्वर): प्रसिद्ध बागेश्वर-पिंडारी ग्लेशियर ट्रैक रूट पर स्थित पर्यटक आवास गृह फुरकिया के मरम्मत एवं सुधारीकरण हेतु ₹4.44 करोड़.

  • पूरी गढ़वाल (द्वाराखाल/एकेश्वर): सतपुली बैराज के निर्माण हेतु पुनरीक्षित लागत में शामिल स्लोप प्रोटेक्शन (ढलान सुरक्षा) कार्यों के लिए ₹4.89 करोड़.

फ्लड प्लेन जोनिंग और सड़क अवसंरचना के लिए बड़ा बजट

  • शारदा (काली) नदी: राज्य सेक्टर के ‘फ्लड प्लेन जोनिंग’ कार्य के अंतर्गत रिवर शारदा (काली) में फ्लड प्लेन जोनिंग हेतु कंसल्टेंसी कार्य के लिए ₹4.31 लाख की मंजूरी दी गई है.

  • केंद्रीय सड़क अवसंरचना निधि (CRIF): योजना के अंतर्गत कुल 09 स्वीकृत कार्यों के लिए ₹288.41 करोड़ की कुल लागत पर मुहर लगाते हुए, पहली किश्त के रूप में ₹115.36 करोड़ की धनराशि तत्काल स्वीकृत की गई है। इससे प्रदेश के प्रमुख मार्गों और पुलों के निर्माण में तेजी आएगी.

सरकार का यह निर्णय राज्य के पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में बुनियादी सुविधाओं को बेहतर बनाने के साथ ही पर्यटन और रोजगार के नए अवसर सृजित करने में मददगार साबित होगा.

Latest news

Related news