सीएम धामी ने ली 4 घंटे लंबी मैराथन बैठक,अधिकारियों को दोटूक संदेश..काम से समझौता बर्दाश्त नहीं

Uttarakhand Devlopment देहरादून : उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने मुख्यमंत्री आवास पर प्रदेश के सभी जिलाधिकारियों (DM) और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों (SSP) के साथ लगभग चार घंटे लंबी मैराथन उच्चस्तरीय बैठक की. देर रात्रि तक चली इस महत्वपूर्ण बैठक में प्रदेश के विकास कार्यों, कानून-व्यवस्था, आगामी त्योहारों की तैयारियों, आपदा प्रबंधन और हरिद्वार कुंभ-2027 की तैयारियों की व्यापक समीक्षा की गई.

Uttarakhand Devlopment
सीएम धामी ने देर रात प्रदेश के अधिकारियों संग की बैठक

मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट संदेश दिया कि शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप सभी कार्य समयबद्ध, गुणवत्तापूर्ण और परिणामोन्मुखी तरीके से पूरे किए जाएं. जनहित के मामलों में किसी भी प्रकार की हीला-हवाली या कागजी कार्रवाई स्वीकार नहीं की जाएगी.

1 नवंबर तक पूरे हों सीवर और पेयजल के कार्य, सड़कें हों गड्ढामुक्त

सड़कों की खस्ता हालत पर गहरी नाराजगी जताते हुए मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि प्रदेश की सभी सड़कों को तुरंत गड्ढामुक्त किया जाए:

  • डेडलाइन: सीवर और पेयजल पाइपलाइन बिछाने के लिए खोदी गई सड़कों के अधूरे कार्यों को 1 नवंबर तक हर हाल में पूरा कर लिया जाए और सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए.

  • चेतावनी: मुख्यमंत्री ने खुद जल्द ही सड़क मार्ग से पूरे प्रदेश का दौरा करने की बात कही है .यदि निरीक्षण के दौरान कहीं भी लापरवाही या टूटी सड़कें मिलीं, तो संबंधित अधिकारी की सीधी जवाबदेही तय की जाएगी.

जनसुविधाएं और प्रशासनिक कसावट

  • राजस्व मामलों का निस्तारण: पटवारी और तहसीलदार स्तर पर राजस्व मामलों का समयबद्ध निस्तारण हो, ताकि आम जनता को छोटे-छोटे कामों के लिए दफ्तरों के चक्कर न काटने पड़े.

  • विशेष गहन पुनरीक्षण (SIR): निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों का पालन करते हुए पात्र मतदाताओं के नाम सूची में जोड़ने और पारदर्शी कार्रवाई के निर्देश.

  • जिला योजना: स्वीकृत धनराशि का प्रभावी उपयोग हो और योजनाओं का लाभ धरातल पर दिखाई दे. केवल कागजी व्यय से काम नहीं चलेगा.

कानून-व्यवस्था, त्योहार और ‘ऑपरेशन कालनेमि’ पर विशेष फोकस

  • संवेदनशील पुलिसिंग: थाने आने वाले हर व्यक्ति की बात गंभीरता से सुनी जाए और संज्ञेय अपराधों में तत्काल एफआईआर दर्ज हो.

  • त्योहारों की सुरक्षा: आगामी नवरात्र और दीपावली को देखते हुए बाजारों, मंदिरों और भीड़भाड़ वाले इलाकों में पर्याप्त पुलिस बल तैनात किया जाए. यातायात और पार्किंग के पुख्ता इंतजाम हों.

  • ऑपरेशन कालनेमि और सत्यापन अभियान: असामाजिक तत्वों और संदिग्ध गतिविधियों पर नकेल कसने के लिए सत्यापन अभियानों में तेजी लाई जाए.

  • पर्यटन स्थलों का ट्रैफिक प्लान: मसूरी, नैनीताल, हरिद्वार और ऋषिकेश में पर्यटकों की सुविधा के लिए एडवांस ट्रैफिक प्लान तैयार रखने के निर्देश दिए गए हैं.

हरिद्वार कुंभ-2027 की साप्ताहिक समीक्षा

आगामी कुंभ मेले की तैयारियों की हर सप्ताह समीक्षा करने के निर्देश देते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि घाटों, सड़कों, पुलों, पेयजल और स्वास्थ्य सुविधाओं से जुड़े सभी कार्य तय समयसीमा में पूरे हों. वरिष्ठ अधिकारी खुद संयुक्त स्थलीय निरीक्षण करें और कार्यों की प्रगति की रिपोर्ट डिजिटल माध्यमों से साझा करें.

आपदा राहत, स्वास्थ्य सेवाएं और मानव-वन्यजीव संघर्ष पर निर्देश
  • आपदा प्रभावित: प्रभावित परिवारों को तत्काल राहत, सुरक्षित आवास, भोजन और पेयजल उपलब्ध कराया जाए.

  • दुर्गम क्षेत्रों में स्वास्थ्य: पर्वतीय और दूरस्थ क्षेत्रों में डॉक्टरों व एएनएम की नियमित उपलब्धता सुनिश्चित की जाए.

  • वन्यजीव सुरक्षा: भालू और तेंदुओं के हमलों को रोकने के लिए प्रभावी कार्ययोजना बनाई जाए और प्रभावितों को शीघ्र मुआवजा दिया जाए.

बैठक में गृह सचिव, दोनों मंडलों के आयुक्त, आईजी और सभी जनपदों के डीएम-एसएसपी उपस्थित रहे. मुख्यमंत्री ने चेतावनी दी है कि शासन की मंशानुसार काम न करने वालों पर कड़ी कार्रवाई होगी, जबकि बेहतर प्रदर्शन करने वाले अधिकारियों को प्रोत्साहित किया जाएगा.

Latest news

Related news