हरदोई में आदमखोर तेंदुए का आतंक. तेंदुए ने खेत की रखवाली कर रहे किसानों समेत एक घर में घुसकर 6 लोगों को घायल कर दिया है. घायलों को अस्पताल में कराया गया भर्ती कराया गया है. तेंदुए को पकड़ने के प्रयास जारी है.
कठेरियान गांव में आदमखोर तेंदुए का आतंक
हरदोई में आदमखोर तेंदुए ने जमकर कहर बरपाया. तेंदुए ने खेत की रखवाली कर रहे किसानों पर हमला करने के बाद एक घर में घुसकर महिलाओं और पुरुषों पर हमला कर दिया. तेंदुए के हमले से 2 किसानों समेत 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए जिन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है. आदमखोर तेंदुए के हमले से गांव में दहशत फैल गई और तमाम ग्रामीणों की भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई. सूचना के बाद वन विभाग की टीम और पुलिस मौके पर मौजूद है और तेंदुए को पकड़ने के प्रयास किए जा रहे हैं. फिलहाल गांव में दहशत का माहौल है.
तेंदुए ने 6 लोगों को किया घायल
दरअसल हरदोई जिले के सांडी थाना क्षेत्र में गुरुवार शाम तेंदुआ कहीं से भटक कर आ गया. तेंदुए ने मुरौली कठेरियान गांव के बाहर खेत की रखवाली कर रहे किसानों पर हमला कर दिया. तेंदुए के हमले से अपने खेत में पिपरमेंट की रखवाली कर रहे भगवान शरण और गोविंद घायल हो गए, किसानों पर हमला करने के बाद तेंदुआ गांव में परशुराम के घर में घुस गया जहां तेंदुए ने रामलड़ैती, ऊषा, राखी और रामबाबू पर हमला कर दिया. तेंदुए के हमले से सभी 6 लोग गंभीर रूप से घायल हो गए. तेंदुए के हमले से पूरे गांव में दहशत फैल गई और ग्रामीणों की भीड़ मौके पर इकट्ठा हो गई.
वन विभाग कर रहा है तेंदुए की तलाश
घटना के बाद ग्रामीणों ने पुलिस और वन विभाग को सूचना दी. वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और तेंदुए को पकड़ने के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन चला रही है. रात होने के कारण वन विभाग को अभी तक तेंदुए को पकड़ने में सफलता नहीं मिल सकी है. इस बारे में वन विभाग का कहना है कि तेंदुए को पकड़ने के लिए पिंजरा लगाया जाएगा, वाइल्डलाइफ को सूचित किया जाएगा फिलहाल तेंदुए की लोकेशन के लिए वन विभाग की टीम मौके पर मौजूद है, जल्द ही तेंदुए को पकड़ लिया जाएगा.

