पति ने पत्नी की हत्या कर सूटकेस में छिपाया शव, 2 महीने बाद ऐसे हुआ सनसनीखेज खुलासा

Varanasi Crime वाराणसी: दादरा एवं नागर हवेली के सिलवासा में अपनी पत्नी की हत्या कर शव को सूटकेस में बंद कर फरार हुए एक आरोपी को उत्तर प्रदेश स्पेशल टास्क फोर्स (STF) की वाराणसी इकाई और सिलवासा पुलिस ने एक संयुक्त अभियान के तहत गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी वाराणसी के मंडुआडीह थाना क्षेत्र के चांदपुर औद्योगिक इलाके से की गई, जहां आरोपी अपनी असली पहचान छिपाकर एक फैक्ट्री में काम कर रहा था।

Varanasi Crime : प्रेम विवाह और विवाद की पृष्ठभूमि

पुलिस सूत्रों से मिली जानकारी के मुताबिक, मूल रूप से बिहार के नवादा जिले के रहने वाले ऋषभ कुमार सिंह ने अपनी ही गांव की रहने वाली छोटी उपाध्याय के साथ परिजनों की मर्जी के खिलाफ जाकर प्रेम विवाह किया था। दोनों सिलवासा में एक किराए के मकान में साथ रह रहे थे। बताया जा रहा है कि छोटी उपाध्याय लगातार अपने पति पर घर लौटने का दबाव बना रही थी, इसी बात को लेकर दोनों के बीच आए दिन कलह और विवाद होता रहता था।

सूटकेस में मिला था शव और इस तरह हुआ खुलासा

इसी विवाद के चलते बीते नौ जून को आरोपी ने किराए के कमरे में अपनी पत्नी की हत्या कर दी और शव को प्लास्टिक में लपेटकर एक बड़े सूटकेस में छिपाकर मौके से भाग निकला। करीब दो महीने तक कमरा बंद रहने के बाद जब मकान मालिक किसी अन्य व्यक्ति को कमरा दिखाने वहां पहुंचे, तो दरवाजे से तेज बदबू आने पर पुलिस को सूचना दी गई। सिलवासा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जब कमरा खोला और सूटकेस की तलाशी ली, तो उसमें से महिला का शव बरामद हुआ।

नाम बदलकर वाराणसी में छिपा था आरोपी

हत्या की इस सनसनीखेज वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी लगातार अपनी लोकेशन बदलता रहा और अंततः वाराणसी के चांदपुर औद्योगिक क्षेत्र की एक फैक्ट्री में नाम बदलकर शरण ले ली। एसटीएफ और सिलवासा पुलिस को जब इस बात की भनक लगी, तो संयुक्त दबिश देकर उसे धर दबोचा गया। पुलिस की शुरुआती पूछताछ में आरोपी ने अपना जुर्म कबूल कर लिया है। इसके बाद उसे स्थानीय मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट (CJM) की अदालत में पेश किया गया, जहां से ट्रांजिट रिमांड मिलने के बाद सिलवासा पुलिस उसे अपने साथ ले गई। इस मामले में पुलिस आगे की विस्तृत जांच-पड़ताल कर रही है।

Latest news

Related news