मुख्यमंत्री योगी ने दी सरदार पटेल को पुण्यतिथि पर श्रद्धांजलि, कहा- नए भारत के निर्माण में उनकी बड़ी भूमिका

गुरुवार को लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल की 72वीं पुण्यतिथि पर यूपी के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने उन्हें नमन किया. सीएम ने सरदार वल्लभ भाई पटेल स्मृति समारोह समिति की ओर से आयोजित कार्यक्रम में लौहपुरुष की प्रतिमा पर फूल चढ़ाए. और सरदार पटेल के नए भारत के निर्माण में योगदान को याद किया.

सरदार पटेल भावी पीढ़ी के लिए महान आदर्श
इस मौके पर सीएम योगी आदित्यनाथ ने कहा कि “भारत माता के महान सपूत लौहपुरुष सरदार वल्लभ भाई पटेल आज के ही दिन 1950 में धराधाम से विदा हुए थे. उन्होंने देश के सामने भावी पीढ़ी के लिए महान आदर्श रखा था. वल्लभ भाई पटेल महान स्वतंत्रता संग्राम सेनानी थे. आजादी के बाद संविधान निर्माण में उनकी महत्वपूर्ण भूमिका थी. स्वतंत्र भारत का स्वरूप कैसा होना चाहिए. लौहपुरुष को लोग वर्तमान भारत के शिल्पी के रूप में श्रद्धा व सम्मान से स्मरण करते हैं.”

563 से अधिक रियासतों को एक करना चुनौती पूर्ण कार्य था
सीएम योगी ने सरदार पटेल को याद करते हुए कहा कि 563 से अधिक रियासतों को एक करना और भारत गणराज्य का हिस्सा बनाना चुनौती पूर्ण कार्य था. वो भी ऐसे वक्त में जब इसमें से कई रियासतें विचलन की स्थिति में थीं. उन्होंने कहा हम जूनागढ़ और हैदराबाद रियासत की हरकतों से सभी अवगत हैं, ऐसे में सरदार पटेल ने अपनी दूरदर्शिता व इच्छा शक्ति से ही सभी रियासतों को शांतिपूर्ण ढंग से भारत का हिस्सा बनकर वर्तमान भारत के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई. भारत के इस निर्माण का इसका सामाजिक श्रेय केवल भारत रत्न सरदार पटेल को जाता है.

उन्होंने कहा कि नए भारत के निर्माण में उनकी बड़ी भूमिका है. आजादी के तत्काल बाद शिक्षा, पशुधन, कृषि, किसानों के जीवन में परिवर्तन लाने के साथ ही सरदार पटेल ने इसे आगे बढ़ाने का आह्वान किया था. उनकी आजादी की लड़ाई और इसके बाद की जो भूमिका रही वो आज भी प्रासंगिक और प्रेरणादायी है. सीएम ने कहा कि मैं उनकी स्मृतियों को नमन करते हुए सरदार को श्रद्धांजलि अर्पित करता हूं.

सीएम ने वहां मौजूद लोगों से कहा कि वह संकल्प लें कि भारत की एकता और अखंडता के लिए उनके किए गए योगदान से वर्तमान व भावी पीढ़ी को प्रेरित करते रहेंगे.

Latest news

Related news