भोपाल: देश के लगभग हर घर की रसोई में शुद्ध देसी घी का उपयोग प्रमुखता से किया जाता है। कई लोग घी के इतने शौकीन होते हैं कि इसके बिना उनका भोजन पूरा नहीं होता, लेकिन जरा सोचिए कि आप जिस घी का बड़े चाव और स्वाद के साथ सेवन कर रहे हैं, अगर वह मिलावटी और नकली निकल जाए तो क्या होगा? मध्य प्रदेश सरकार द्वारा खाने-पीने की वस्तुओं में हो रही मिलावट के खिलाफ चलाए जा रहे विशेष अभियान के दौरान एक बेहद चौंकाने वाला खुलासा हुआ है। खाद्य सुरक्षा विभाग की हालिया जांच रिपोर्ट में प्रदेश के 16 प्रमुख घी ब्रांड ऐसे पाए गए हैं, जिनके नमूने (सैंपल) प्रयोगशाला जांच में 'असुरक्षित' या 'अमानक' श्रेणी के पाए गए हैं।
जांच में फेल हुए कई नामचीन ब्रांड, मिला था पाम ऑयल
खाद्य विभाग की इस व्यापक जांच के दौरान कई ब्रांड्स के घी में पाम ऑयल (Palm Oil) और अन्य हानिकारक तत्वों की मिलावट होने की पुष्टि हुई है। ऐसे में यदि आप भी बाजार से डिब्बाबंद घी खरीदकर अपने परिवार को खिला रहे हैं, तो यह खबर आपके और आपके स्वास्थ्य के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
खाद्य सुरक्षा नियंत्रक मनोज पुष्प द्वारा प्राप्त जांच रिपोर्ट के आधार पर कुल 16 मिलावटी घी ब्रांडों की आधिकारिक सूची जारी की गई है। विभाग ने इन सभी अमानक ब्रांडों के निर्माताओं और विक्रेताओं के खिलाफ खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम (FSSAI) के तहत सख्त कानूनी प्रकरण दर्ज करने के स्पष्ट निर्देश दिए हैं।
उपभोक्ताओं की सेहत के साथ खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं
खाद्य विभाग के अधिकारियों का कहना है कि आम जनता के स्वास्थ्य के साथ खिलवाड़ करने वाले मिलावटखोरों के खिलाफ यह सख्ती आगे भी लगातार जारी रहेगी। खाद्य विभाग की इस कार्रवाई की जद में राजधानी भोपाल, उज्जैन, डिंडौरी, धार, दमोह और इंदौर समेत कई प्रमुख शहरों के घी ब्रांड्स शामिल पाए गए हैं, जहां बड़े पैमाने पर मिलावट का खेल चल रहा था।
जांच में फेल हुए 16 घी ब्रांडों की शहर-वार सूची:
भोपाल:
शगुन घी
द्वारकेश घी
दानेदार घी
भूमि घी
भूमि प्रीमियम प्योर घी
भूमि Cow Pure घी
डिंडौरी:
वास्तु घी
गोपी श्री घी
दमोह:
औरोगी गाय का घी
धार:
मिल्क क्रीम घी
इंदौर:
श्री सुधा प्रीमियम घी
गुमार प्योर घी
श्री मूल शुद्ध घी
श्री मूल गाय का घी
उज्जैन:
एस.आर.एम.आई. मिल्क देशी घी (स्पेशल ग्रेड)
मिल्क क्रीम घी

