भोपाल इज्तिमा से पहले प्रशासन सतर्क, सुरक्षा व्यवस्था से लेकर चिकित्सा सुविधाओं तक का जायजा

भोपाल। राजधानी भोपाल के ईटखेड़ी में आयोजित होने वाले प्रसिद्ध धार्मिक आयोजन 'आलमी तबलीगी जमात इज्तिमा' की तैयारियों को लेकर जिला प्रशासन ने अपनी कमर कस ली है। आगामी 4 से 7 दिसंबर 2026 तक आयोजित होने वाले इस चार दिवसीय आयोजन में देश-विदेश से आने वाले लाखों श्रद्धालुओं की नागरिक सुविधाओं, सुरक्षा, यातायात और स्वास्थ्य व्यवस्थाओं को सुव्यवस्थित करने के लिए उच्चस्तरीय समीक्षा की गई। संभागायुक्त कर्मवीर शर्मा ने गुरुवार को संभागायुक्त कार्यालय के सभाकक्ष में संबंधित प्रशासनिक विभागों के अधिकारियों और इज्तिमा समिति के पदाधिकारियों के साथ बैठक कर सभी व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूरी करने के सख्त निर्देश दिए। इस बैठक में आईजी शैलेंद्र सिंह चौहान, कलेक्टर प्रियंक मिश्रा, नगर निगम आयुक्त संस्कृति जैन सहित विभिन्न विभागों के प्रमुख अधिकारी उपस्थित रहे।

सुरक्षा, यातायात और रेलवे स्टेशन पर हेल्प डेस्क

आयोजन के दौरान सुरक्षा व्यवस्था और सुगम यातायात प्रबंधन पर विशेष ध्यान दिया जा रहा है। आईजी शैलेंद्र सिंह चौहान ने इज्तिमा स्थल पर पर्याप्त संख्या में सीसीटीवी कैमरे स्थापित करने, भीड़ नियंत्रण के पुख्ता इंतजाम करने और शहर के ट्रैफ़िक को सुचारू बनाए रखने के निर्देश दिए हैं ताकि अन्य यात्रियों को किसी प्रकार की असुविधा न हो। इसके अलावा बाहर से आने वाले जमातों की सहूलियत के लिए भोपाल रेलवे स्टेशन और प्रमुख बस स्टैंडों पर विशेष हेल्प डेस्क स्थापित किए जाएंगे। विद्युत सुरक्षा को लेकर निर्देश दिए गए हैं कि सभी अस्थायी बिजली इंस्टॉलेशन की गहन जांच सुरक्षा मानकों के अनुरूप की जाए। साथ ही, आयोजन के दौरान व्यवस्थाओं को संभालने वाले स्वयंसेवकों की सूची तैयार कर उन्हें उनकी जिम्मेदारियों और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देने को कहा गया है।

स्वास्थ्य सेवाएं, खाद्य सुरक्षा और एक्शन प्लान

संभागायुक्त ने स्वास्थ्य सेवाओं को मुस्तैद रखने के निर्देश दिए हैं ताकि किसी भी चिकित्सीय आपात स्थिति में तत्काल इलाज उपलब्ध कराया जा सके। खाद्य सुरक्षा अधिकारियों को खाद्य पदार्थों और पेयजल की गुणवत्ता का लगातार परीक्षण करने की जिम्मेदारी सौंपी गई है। प्रशासनिक स्तर पर तैयारियों को सटीक रूप देने के लिए संभागायुक्त ने सभी विभागों को 'मिनट-टू-मिनट' एक्शन प्लान तैयार करने और अधिकारियों को इज्तिमा स्थल का लगातार भौतिक निरीक्षण कर स्थिति की निगरानी करने के निर्देश दिए हैं, ताकि इस भव्य आयोजन को पूरी तरह सुरक्षित और सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जा सके।

Latest news

Related news