नई दिल्ली । एयर इंडिया एक्सप्रेस ने पश्चिम एशिया के अपने सभी गंतव्यों के लिए उड़ान सेवाएं पूरी तरह बहाल करने की घोषणा की है। एयरलाइन ने बताया कि क्षेत्रीय हालात सामान्य होने के बाद अब उसके पश्चिम एशिया नेटवर्क के सभी मार्ग फिर से संचालित किए जा रहे हैं। इसके तहत ओमान के सलालाह और कुवैत के लिए भी उड़ान सेवाएं दोबारा शुरू कर दी गई हैं।
एयरलाइन के अनुसार कोझिकोड से सलालाह के बीच उड़ानें दो जुलाई से फिर शुरू हो गई हैं। वहीं कोझिकोड से कुवैत के लिए सेवाएं तीन जुलाई से बहाल की गई हैं। इसके अलावा बेंगलुरु से कुवैत के लिए उड़ानें चार जुलाई से दोबारा संचालित की जा रही हैं। कंपनी ने कहा कि यात्रियों की मांग को देखते हुए आने वाले दिनों में इन मार्गों पर उड़ानों की संख्या चरणबद्ध तरीके से बढ़ाई जाएगी।
एयर इंडिया एक्सप्रेस ने कहा कि पश्चिम एशिया उसका सबसे बड़ा और व्यस्त अंतरराष्ट्रीय बाजार है। क्षेत्र में तनाव और हवाई क्षेत्र पर लगे प्रतिबंधों के कारण कुछ समय के लिए कई उड़ानें प्रभावित हुई थीं। अब हालात में सुधार के बाद एयरलाइन ने अपने पूरे नेटवर्क को फिर से सामान्य कर दिया है, जिससे यात्रियों को पहले की तरह बेहतर कनेक्टिविटी मिल सकेगी।
एयरलाइन ने यात्रियों से यात्रा से पहले अपनी उड़ान की स्थिति की पुष्टि करने और नवीनतम यात्रा संबंधी दिशा-निर्देशों का पालन करने की अपील की है। कंपनी का कहना है कि वह यात्रियों की सुविधा और सुरक्षित यात्रा सुनिश्चित करने के लिए लगातार अपनी सेवाओं का विस्तार कर रही है।

