Drive Against Adulteration देहरादून (24 अगस्त): आने वाले दिनों में त्योहारी सीजन को देखते हुए प्रदेश की जनता को शुद्ध और गुणवत्तापूर्ण खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए उत्तराखंड सरकार ने सख्त रुख अख्तियार कर लिया है. मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कड़े निर्देशों के बाद पूरे प्रदेश में मिलावटखोरी और कालाबाजारी के खिलाफ अभियान तेज कर दिया गया है. राज्य सरकार ने सभी जिलाधिकारियों (DM) को एक सप्ताह तक विशेष जांच अभियान चलाने के निर्देश जारी किए हैं, जबकि इस पूरी कार्रवाई की निगरानी का जिम्मा मंडलायुक्तों को सौंपा गया है.

सोमवार को प्रदेश के सभी 13 जिलों में खाद्य संरक्षा एवं औषधि प्रशासन (FDA) और स्थानीय जिला प्रशासन की संयुक्त टीमों ने व्यापारिक प्रतिष्ठानों पर ताबड़तोड़ छापेमारी की. कार्रवाई के दौरान खाद्य सामग्री, मिठाई, चीनी की जमाखोरी और घरेलू गैस सिलेंडरों के व्यावसायिक उपयोग की गहन जांच की गई. कई दुकानों से खराब और एक्सपायरी डेट का सामान जब्त कर मौके पर ही नष्ट कराया गया.
Drive Against Adulteration : किस जिले में क्या रही कार्रवाई की स्थिति
देहरादून: राजधानी में सोमवार को प्रशासन ने 11 खाद्य नमूने एकत्रित किए और 3 प्रतिष्ठानों को सुधार की चेतावनी दी. 1 अगस्त से अब तक जिले में 70 दुकानों के निरीक्षण में 48 सैंपल लिए जा चुके हैं और 11 दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए हैं. इसके अलावा एडीएम कोर्ट में 4 वाद भी दर्ज कराए गए हैं.
हरिद्वार: हरिद्वार में 17 अगस्त से जारी अभियान के तहत 47 प्रतिष्ठानों की जांच कर 27 सैंपल लिए गए हैं. 10 व्यापारियों को नोटिस जारी करने के साथ कोर्ट में 4 मामले दर्ज किए गए हैं.
नैनीताल व पौड़ी: नैनीताल में 10 दुकानों की जांच कर 6 सैंपल लैब भेजे गए. साफ-सफाई न होने पर एक नोटिस दिया गया और 10 किलो अमानक मिठाई नष्ट कराई गई. वहीं पौड़ी में 10 सैंपल लिए गए, जिनमें से 6 लैब भेजे गए.
चमोली व रुद्रप्रयाग: चमोली में 3 सैंपल लैब भेजे गए और पैकेजिंग मानकों का उल्लंघन करने वाले निर्माताओं समेत दो दुकानदारों को नोटिस थमाया गया. रुद्रप्रयाग में 12 दुकानों के निरीक्षण के दौरान 6 सैंपल भरे गए और एक्सपायरी सामान मिलने पर 6 दुकानदारों को कड़ी चेतावनी दी गई.
चंपावत, अल्मोड़ा व अन्य जिले: चंपावत में 1 अगस्त से अब तक 21 स्थानों की जांच कर 10 मुख्य और 3 सर्वे सैंपल लिए गए हैं. इसके अलावा अल्मोड़ा, बागेश्वर, पिथौरागढ़, टिहरी और उत्तरकाशी में भी दर्जनों दुकानों का निरीक्षण कर सैंपल जुटाए गए और नियम उल्लंघन पर नोटिस जारी किए गए.
सरकार की इस सख्त कार्रवाई से मिलावटखोरों और जमाखोरों में हड़कंप मचा हुआ है. प्रशासन का स्पष्ट कहना है कि जनता की सेहत से खिलवाड़ करने वाले किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा.

