पटना : पिछले कुछ महीनों से लगातार नीतीश कुमार के खिलाफ मोर्चा खोलकर घूम रहे उपेंद्र कुशवाहा ने नीतीश सरकार में विधानपरिषद से भी इस्तीफा दे दिया है. कुशवाहा ने आज अपना इस्तीफा विधान परिषद के सभापति देवेश चंद्र ठाकुर को सौंप दिया. इस्तीफा देने के बाद कुशवाहा ने कहा कि – ‘मुख्यमंत्री जी आज मैंने विधान परिषद् की सदस्यता से इस्तीफा दे दिया है. मन अब हल्का है.चक्रव्यूह से बाहर आ जाने की सुखद अनुभूति हो रही है. याचना का परित्याग कर रण के रास्ते पर निकल पड़ा हूं’
कुशवाहा ने कहा कि अब ये कुर्सी लोगों की सेवा के लिए नहीं रह गई है.उपेंद्र कुशवाहा किसी का अहसान लेकर राजनीति नहीं करता है इसलिए आज पद से इस्तीफा दे दिया है. जो आपका था सो आपको सौंप दिया. मैं जमीर बेचकर अमीर बनने वालों मे नहीं हूं. कुशवाहा ने कहा कि जिस दिन पार्टी छोड़कर दूसरी पार्टी बनाने का फैसला किया था उसी दिन से MLC का पद छोड़ने का मन बना लिया था, कुछ औपचारिका थी जिसे पूरा करना था. उस दिन विधान परिषद के सभापति भी नहीं थे. अब जब वो वापस आये जो हमने अपना इस्तीफा दे दिया.
सदन छोड़कर सड़क पर जा रहे हैं – उपेंद्र कुशवाहा
पद से इस्तीफा देने के बाद कुशवाहा ने सीएम नीतीश कुमार पर निशाना साधा . कुशवाहा ने कहा कि मैं सुख सुविधा के लिए राजनीति में नहीं आया था, राजनीति व्यक्तिगत सुख सुविधा के लिए नहीं होती है. दबे कुचलों को न्याय दिलाने के लिए किया जाता है. इस लिए अब सदन की कुर्सी छोड़कर सड़क पर जनते के बीच जा रहे है.

