रामपुर (उप्र) : बुधवार को आज़म खान के रामपुर पब्लिक स्कूल पर पुलिस और प्रशासन की टीम पहुंचने से हड़कंप मच गया. प्रशासन की टीम भारी पुलिस बल के साथ पहुंची थी. बड़ी कार्रवाई होने के कारण प्रशासनिक अधिकारियों का पूरा अमला मौके पर मौजूद रहा. ADM प्रशासन लालता प्रसाद शाक्य, SDM सदर निरंकार सिंह,अपर पुलिस अधीक्षक डॉ संसार सिंह,तहसीलदार,नायब तहसीलदार और कई थानों की पुलिस के अलावा पीएसी की मौजूदगी में आज़म खान के रामपुर पब्लिक स्कूल को पुलिस प्रशासन ने सील किया और अपने कब्जे में ले लिया.
यूपी कैबिनेट द्वारा जौहर शोध संस्थान की लीज निरस्ती के बाद कार्रवाई
कैबिनेट की बैठक में जौहर शोध संस्थान की लीज को निरस्त कर दिया गया था और तत्काल अल्पसंख्यक विभाग को इसे कब्जे में लेने के आदेश जारी किए थे, जिस पर अल्पसंख्यक विभाग ने 15 दिन के अंदर बिल्डिंग और परिसर खाली करने का नोटिस दिया था. नोटिस के बाद बुधवार को पुलिस प्रशासन की टीम जौहर शोध संस्थान पहुंची और स्कूल में पड़े ताले को तोड़कर पुलिस प्रशासन और अल्पसंख्यक विभाग के अधिकारियों और कर्मचारियों ने स्कूल परिसर को सील कर दिया. इस समय यहां 12वीं की परीक्षाओं चल रही थी . स्कूल परिसर में मौजूद प्रिंसिपल ने परीक्षाएं चलने का हवाला दिया और नोटिस का समय बाकी होने का आरोप भी लगाए लेकिन पूरे परिसर को पुलिस प्रशासन कब्जे में लेकर सील कर दिया.





