Saturday, June 27, 2026
Home Breaking News भारत दौरे पर आने वाले हैं राष्ट्रपति ट्रंप, इंडिया-US डील पर बातचीत...

भारत दौरे पर आने वाले हैं राष्ट्रपति ट्रंप, इंडिया-US डील पर बातचीत के बीच सर्जियो गोर ने बताया प्लान

0
10
Trump India Visit
Trump India Visit

Trump India Visit : भारत और अमेरिका के बीच बहुप्रतीक्षित द्विपक्षीय ट्रेड डील (India-US Trade Deal) अब अंतिम चरण में पहुंच गई है. इसी बीच अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के संभावित भारत दौरे को लेकर एक बड़ी जानकारी सामने आई है. भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर (Sergio Gor) ने खुलासा किया है कि ट्रंप भारत आने के लिए बेहद उत्सुक हैं और उन्होंने खुद उनसे पूछा कि “मैं भारत कब आ रहा हूं?”

इस बयान के बाद यह चर्चा तेज हो गई है कि दोनों देशों के बीच होने वाली ट्रेड डील और रणनीतिक साझेदारी को नई दिशा देने के लिए राष्ट्रपति ट्रंप जल्द भारत का दौरा कर सकते हैं.

Trump India Visit : ट्रंप के भारत दौरे की तारीख का जल्द होगा ऐलान

भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर ने बताया कि फिलहाल राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप के भारत दौरे की कोई आधिकारिक तारीख तय नहीं हुई है लेकिन उन्होंने कहा कि कुछ घंटे पहले ही उनकी ओवल ऑफिस में राष्ट्रपति ट्रंप से बात हुई जिसमें उन्होने पूछा कि वो भारत कब आ रहे हैं ? यानी की उन्होंने सर्जियो गोर से ये जानना चाहा कि वो आधिकारिक तौर पर भारत यात्रा पर कब आने वाले हैं ? गोर के मुताबिक, इससे साफ है कि ट्रंप भारत आने को लेकर काफी उत्साहित हैं. उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पहले ही ट्रंप को भारत आने का निमंत्रण दे चुके हैं और उन्हें पूरा विश्वास है कि यह यात्रा जल्द होगी.

मार्को रुबियो ने भी दिए संकेत

अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने भी ट्रंप के संभावित भारत दौरे को लेकर सकारात्मक संकेत दिए हैं.उन्होंने कहा कि अमेरिका की कोशिश है कि राष्ट्रपति ट्रंप अगले साल की शुरुआत में भारत का दौरा करें. रुबियो ने बताया कि वह स्वयं इस वर्ष के अंत तक भारत आएंगे ताकि राष्ट्रपति ट्रंप की संभावित यात्रा की तैयारियों को अंतिम रूप दिया जा सके.

भारत-अमेरिका ट्रेड डील अंतिम दौर में

मार्को रुबियो ने कहा कि भारत और अमेरिका के बीच प्रस्तावित द्विपक्षीय व्यापार समझौता (Bilateral Trade Agreement) लगभग अंतिम चरण में पहुंच चुका है. उन्होंने कहा,

“हमारी प्रधानमंत्री मोदी के साथ शानदार बैठक हुई. ट्रेड डील अब आखिरी चरण में है और हमें उम्मीद है कि इसे जल्द अंतिम रूप दे दिया जाएगा.”

रुबियो के अनुसार दोनों देशों के बीच बातचीत बेहद सकारात्मक रही है और जल्द ही बड़ा समझौता हो सकता है.

2020 के बाद ट्रंप का पहला भारत दौरा होगा

यदि प्रस्तावित यात्रा तय कार्यक्रम के अनुसार होती है तो यह फरवरी 2020 के बाद राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप का पहला भारत दौरा होगा. साथ ही, दूसरी बार अमेरिका के राष्ट्रपति बनने के बाद यह उनकी पहली आधिकारिक भारत यात्रा होगी. ट्रंप और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की हालिया मुलाकात फ्रांस में आयोजित जी-7 शिखर सम्मेलन के दौरान हुई थी. लगभग 16 महीने बाद दोनों नेताओं की यह पहली द्विपक्षीय बैठक थी.

क्वाड और रणनीतिक साझेदारी पर रहेगा फोकस

अमेरिकी विदेश मंत्री ने कहा कि भारत और अमेरिका क्वाड (Quad) समूह के सहयोग को और मजबूत करने पर भी काम कर रहे हैं. उन्होंने उम्मीद जताई कि इस साल के अंत तक होने वाली बैठकों में रक्षा, इंडो-पैसिफिक सुरक्षा, तकनीक और आर्थिक सहयोग जैसे मुद्दों पर अहम चर्चा होगी.

मोदी की जमकर तारीफ

मार्को रुबियो ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की खुलकर सराहना करते हुए कहा,

“मैं प्रधानमंत्री मोदी का प्रशंसक हूं. उनके नेतृत्व में भारत की वैश्विक स्थिति पहले से कहीं अधिक मजबूत हुई है. उन्होंने भारत को एक वैश्विक शक्ति बना दिया है.”

ऊर्जा क्षेत्र में भी बढ़ेगा सहयोग

रुबियो ने कहा कि भारत और अमेरिका ऊर्जा क्षेत्र में भी सहयोग बढ़ाने की दिशा में काम कर रहे हैं. उन्होंने बताया कि भारत उन चुनिंदा देशों में शामिल है जिनके पास हेवी क्रूड ऑयल को रिफाइन करने की बड़ी क्षमता है. ऐसे में भविष्य में दोनों देशों के बीच ऊर्जा व्यापार और निवेश में भी उल्लेखनीय वृद्धि देखने को मिल सकती है.

भारत-अमेरिका संबंधों को मिलेगी नई मजबूती

विशेषज्ञों का मानना है कि यदि ट्रंप का भारत दौरा तय समय पर होता है तो यह केवल एक औपचारिक यात्रा नहीं होगी, बल्कि ट्रेड, रक्षा, ऊर्जा, टेक्नोलॉजी और इंडो-पैसिफिक रणनीति जैसे अहम क्षेत्रों में दोनों देशों की साझेदारी को नई ऊंचाई देने वाला साबित हो सकता है.