CM Dhami की पहल से 8 वर्षीय देव के इलाज की राह आसान, सरकार उठाएगी पूरा खर्च

CM Dhami’s sensitive initiative खटीमा/लोहियाहेड: मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की संवेदनशील पहल ने लोहियाहेड निवासी एक परिवार के लिए नई उम्मीद जगाई है. स्थानीय टिक्की विक्रेता रवि शर्मा के 8 वर्षीय बेटे देव के इलाज का पूरा खर्च अब सरकार उठाएगी. मुख्यमंत्री ने बच्चे के समुचित उपचार के लिए सभी जरूरी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने और इलाज में आने वाले खर्च को वहन करने के निर्देश दिए हैं.

दरअसल, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी हाल ही में लोहियाहेड पहुंचे थे. इस दौरान वह स्थानीय व्यवसायी रवि शर्मा की दुकान पर गए और वहां टिक्की खाई. बातचीत के दौरान रवि शर्मा ने मुख्यमंत्री को अपने 8 वर्षीय बेटे देव की गंभीर स्वास्थ्य समस्या के बारे में बताया. उन्होंने बताया कि देव बचपन से ही बीमारी से जूझ रहा है और उसके हाथ-पैर काम नहीं करते हैं. परिवार लंबे समय से उसका इलाज करा रहा है. देहरादून के इंद्रेश अस्पताल में भी बच्चे का उपचार कराया जा चुका है.

CM Dhami’s sensitive initiative: सीएम के निर्देश पर पहुंची स्वास्थ्य विभाग की टीम

बच्चे की स्थिति की जानकारी मिलने के बाद मुख्यमंत्री ने तत्काल अधिकारियों को उसके बेहतर इलाज की व्यवस्था करने के निर्देश दिए. मुख्यमंत्री के निर्देश पर सोमवार देर शाम जिलाधिकारी नितिन सिंह भदौरिया, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. एसके गोस्वामी, मुख्य विकास अधिकारी दिवेश शासनी और उपजिलाधिकारी तुषार सैनी समेत चिकित्सकों की टीम रवि शर्मा के लोहियाहेड स्थित आवास पहुंची.

टीम में ऑर्थो विशेषज्ञ चिकित्साधिकारी डॉ. एचएस ऐरी भी शामिल रहे. चिकित्सकों ने देव का स्वास्थ्य परीक्षण किया और उसके पूर्व में कराए गए उपचार, मेडिकल रिपोर्ट तथा स्वास्थ्य संबंधी जानकारी हासिल की.

MRI जांच के बाद तय होगा आगे का इलाज

चिकित्सकों ने बच्चे की मौजूदा स्थिति और पूर्व उपचार की जानकारी लेने के बाद आगे के उपचार के लिए सबसे पहले MRI जांच कराने की सलाह दी है. MRI रिपोर्ट सामने आने के बाद बच्चे के इलाज की अगली प्रक्रिया तय की जाएगी.

जिलाधिकारी ने मौके पर ही संबंधित अधिकारियों को बच्चे की MRI जांच तत्काल कराने के निर्देश दिए. प्रशासन की ओर से बच्चे और उसके परिजनों को जिला चिकित्सालय तक पहुंचाने के लिए वाहन और जरूरी सहायता उपलब्ध कराने की भी व्यवस्था की जाएगी.

इलाज में नहीं आने दी जाएगी कोई कमी

जिलाधिकारी ने कहा कि बच्चे के बेहतर उपचार के लिए प्रशासन की ओर से हरसंभव प्रयास किया जाएगा. उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिए कि इलाज के दौरान परिवार को किसी तरह की परेशानी न हो और उपचार में किसी भी प्रकार की कमी नहीं रहने दी जाए.

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी की इस पहल से देव के परिवार को अब उसके बेहतर इलाज की उम्मीद जगी है. परिवार ने मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि उनकी पहल से बच्चे के उपचार की राह आसान हुई है.

गरीब परिवार के लिए बड़ी राहत

रवि शर्मा स्थानीय स्तर पर टिक्की बेचकर अपने परिवार का भरण-पोषण करते हैं. ऐसे में लंबे समय से बीमार बच्चे का इलाज परिवार के लिए आर्थिक और मानसिक रूप से चुनौतीपूर्ण रहा है. मुख्यमंत्री द्वारा उपचार का पूरा खर्च वहन करने के निर्देश को परिवार के लिए बड़ी राहत माना जा रहा है.

सरकार की इस पहल से न सिर्फ देव को बेहतर चिकित्सा सुविधा मिलने की उम्मीद है, बल्कि यह भी संदेश गया है कि जरूरतमंद परिवारों की स्वास्थ्य संबंधी समस्याओं को लेकर प्रशासन संवेदनशीलता के साथ काम कर रहा है.

Latest news

Related news