Saturday, July 4, 2026
Home Breaking News INDIA Bloc Meeting: दिल्ली में विपक्षी एकता का शक्ति प्रदर्शन, 23 दलों...

INDIA Bloc Meeting: दिल्ली में विपक्षी एकता का शक्ति प्रदर्शन, 23 दलों ने बनाई आगे की रणनीति

0
87
INDIA bloc meeting concludes
INDIA bloc meeting concludes

INDIA bloc meeting concludes: दिल्ली के कॉन्स्टिट्यूशन क्लब में सोमवार को INDIA गठबंधन की महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई, जिसमें 23 राजनीतिक दलों ने हिस्सा लिया। बैठक का मुख्य उद्देश्य केंद्र सरकार के खिलाफ साझा रणनीति तैयार करना और विभिन्न राष्ट्रीय मुद्दों पर विपक्षी एकता को मजबूत करना रहा।

INDIA Bloc Meeting में सोनिया गांधी और ममता बनर्जी की गर्मजोशी भरी मुलाकात 

बैठक के दौरान पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और कांग्रेस की पूर्व अध्यक्ष सोनिया गांधी के बीच गर्मजोशी देखने को मिली. दोनों नेताओं ने एक-दूसरे को गले लगाकर राजनीतिक एकजुटता का संदेश दिया।

बैठक में ममता बनर्जी, सोनिया गांधी के बगल में बैठीं। वहीं समाजवादी पार्टी प्रमुख अखिलेश यादव, लोकसभा में विपक्ष के नेता राहुल गांधी और जम्मू-कश्मीर के मुख्यमंत्री उमर अब्दुल्ला के बीच बैठे नजर आए.

Sonia Gandhi Meet Mamata Banarjee
Sonia Gandhi Meet Mamata Banarjee

खड़गे ने पांच अहम मुद्दों पर सहमति का किया ऐलान

बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे ने बताया कि INDIA गठबंधन के सभी दल पांच प्रमुख मुद्दों पर सहमत हुए हैं. उन्होंने कहा कि इन मुद्दों पर विपक्ष संयुक्त रूप से संघर्ष करेगा और जनता के बीच जाएगा।

खड़गे ने कहा कि अगली बैठक 8 अगस्त को हैदराबाद में आयोजित की जाएगी। साथ ही गठबंधन की नियमित बैठकों का सिलसिला जारी रहेगा।

वोट की लूट के मुद्दे पर CJI को लिखा जाएगा पत्र – मल्लिकार्जुन खड़गे

मल्लिकार्जुन खड़गे ने कहा कि विपक्ष चुनाव प्रक्रिया में कथित गड़बड़ियों और “वोट की लूट” के मुद्दे को गंभीरता से उठाएगा। इसके लिए भारत के प्रधान न्यायाधीश (CJI) को पत्र लिखने का फैसला किया गया है।

उन्होंने कहा कि लोकतांत्रिक संस्थाओं की निष्पक्षता बनाए रखना बेहद जरूरी है और विपक्ष इस मुद्दे को मजबूती से उठाएगा।
शिक्षा मंत्री के इस्तीफे की मांग

INDIA गठबंधन ने केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे की भी मांग की है। विपक्ष का आरोप है कि नीट और सीबीएसई जैसी परीक्षाओं से जुड़े विवादों को लेकर सरकार जवाबदेही तय करने में विफल रही है।

खड़गे ने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता और छात्रों के हितों की रक्षा के लिए जिम्मेदारी तय होनी चाहिए।

बेरोजगारी, महंगाई और किसानों के मुद्दे पर सर्वदलीय बैठक की मांग

विपक्षी गठबंधन ने केंद्र सरकार से जल्द सर्वदलीय बैठक बुलाने की मांग की है। INDIA गठबंधन का कहना है कि देश में बढ़ती बेरोजगारी, महंगाई और किसानों की समस्याओं पर गंभीर चर्चा होनी चाहिए।

खड़गे ने कहा कि इन मुद्दों का सीधा असर आम जनता पर पड़ रहा है और सरकार को सभी दलों को साथ लेकर समाधान तलाशना चाहिए।
टीवीके बैठक में क्यों नहीं हुई शामिल?

INDIA ब्लॉक की बैठक में तमिलगा वेत्री कझगम (TVK) शामिल नहीं हुई। सूत्रों के अनुसार, इस बैठक में मुख्य रूप से उन्हीं दलों को आमंत्रित किया गया था जिनका संसद में प्रतिनिधित्व है।

हालांकि कुछ ऐसे दल भी बैठक में शामिल हुए जो 2024 से पहले गठबंधन का हिस्सा रहे हैं, भले ही वर्तमान में उनके सांसद न हों। सूत्रों का कहना है कि INDIA गठबंधन का विस्तार जारी है और भविष्य में नए दल भी इसमें शामिल हो सकते हैं।

शरद पवार बोले- विपक्षी दलों को लचीला रुख अपनाना होगा

एनसीपी (एसपी) प्रमुख शरद पवार ने बैठक से पहले कहा कि देश में भाजपा के नेतृत्व वाली सरकार के खिलाफ विपक्षी दल एकजुट हो रहे हैं।

उन्होंने कहा कि आगे की रणनीति तय करने के लिए प्रमुख नेताओं को साथ लाया जाएगा और एक ऐसा फॉर्मूला तैयार किया जाएगा जिसमें सभी दलों को अपने रुख में अत्यधिक अड़ियल होने से बचना होगा।

पवार ने विश्वास जताया कि विपक्षी दल मिलकर आगे का रास्ता निकालने में सफल होंगे। उनकी पार्टी की ओर से सुप्रिया सुले ने बैठक में भाग लिया।
हैदराबाद में होगी अगली बड़ी बैठक

INDIA गठबंधन ने साफ कर दिया है कि विपक्षी एकता को और मजबूत करने के लिए अगली बैठक 8 अगस्त को हैदराबाद में आयोजित की जाएगी। माना जा रहा है कि इस बैठक में आगामी राजनीतिक रणनीति और जन मुद्दों पर बड़े फैसले लिए जा सकते हैं।