जमीन दिलवा दीजिए…ऋषभ पंत ने CM धामी से मांगी मदद, मुख्यमंत्री ने दिया ये जवाब

Rishabh Pant Land देहरादून : भारतीय क्रिकेट टीम के स्टार विकेटकीपर-बल्लेबाज ऋषभ पंत उत्तराखंड में अपना घर बनाने की इच्छा रखते हैं, लेकिन पिछले करीब तीन साल से जमीन तलाशने के बावजूद उन्हें अपनी पसंद की जमीन नहीं मिल पाई है. अब उन्होंने सीधे उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मदद की गुहार लगाई है. पंत ने शनिवार तड़के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर मुख्यमंत्री को टैग करते हुए अपनी परेशानी बताई. इसके जवाब में सीएम धामी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश देने और जल्द ही पंत से संपर्क करने की बात कही है.

Rishabh Pant Land : ऋषभ पंत ने CM धामी से क्या कहा?

ऋषभ पंत ने अपनी पोस्ट में कहा कि वह उत्तराखंड के मूल निवासी हैं और लंबे समय से दिल्ली से वापस अपने राज्य में शिफ्ट होने के लिए जमीन खरीदने की कोशिश कर रहे हैं. उनका सपना है कि उत्तराखंड में अपना घर बनाया जाए और वह अपने पहाड़ी लोगों के बीच रहकर राज्य के विकास में योगदान दे सकें.

पंत ने कहा कि जमीन से जुड़े मामलों में स्पष्टता नहीं होने के कारण उनके लिए जमीन खरीदना काफी मुश्किल हो गया है. उन्होंने बताया कि वह करीब तीन साल से अच्छी और बड़ी जगह की तलाश कर रहे हैं, लेकिन अब तक उन्हें उपयुक्त जमीन नहीं मिल पाई है.

क्रिकेटर ने यह भी बताया कि एक जमीन का मामला पहले से अटका हुआ है. उनके मुताबिक, जब वह उत्तराखंड के प्रचार-प्रसार से जुड़े थे, उस दौरान उन्हें एक जमीन मिलने की बात थी, लेकिन वह मामला भी अभी तक आगे नहीं बढ़ पाया है.

‘गिफ्ट अच्छा लगेगा, लेकिन जमीन खरीदना चाहता हूं’

ऋषभ पंत ने अपनी अपील में यह भी स्पष्ट किया कि वह सरकार से जमीन मुफ्त में देने की मांग नहीं कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर अपने राज्य का प्रतिनिधित्व करने के बदले जमीन उपहार में मिलना गर्व की बात होगी, लेकिन वह सरकार की तय दरों पर जमीन खरीदना चाहते हैं।

पंत ने मुख्यमंत्री से आग्रह किया कि उन्हें नियमानुसार जमीन खरीदने की प्रक्रिया में मदद की जाए, ताकि वह अपने गृह राज्य में अपना पहला घर बना सकें।

उनकी इस अपील का मकसद उत्तराखंड लौटकर स्थायी रूप से बसना और अपने राज्य के लिए कुछ योगदान करना बताया गया है।

CM धामी ने दिया तत्काल जवाब

ऋषभ पंत की पोस्ट पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने भी जवाब दिया। मुख्यमंत्री ने पंत को उत्तराखंड का गौरव बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने शानदार खेल और उपलब्धियों के जरिए देश-दुनिया में देवभूमि का नाम रोशन किया है।

सीएम धामी ने कहा कि अपनी मातृभूमि के प्रति पंत का प्रेम और उत्तराखंड वापस आकर योगदान देने की भावना सराहनीय है। उन्होंने आश्वासन दिया कि पंत द्वारा उठाए गए विषय के संबंध में संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए जा रहे हैं और अधिकारी जल्द ही उनसे संपर्क करेंगे।

मुख्यमंत्री के जवाब के बाद यह साफ है कि पंत की जमीन संबंधी समस्या को लेकर राज्य सरकार ने प्रशासनिक स्तर पर कार्रवाई शुरू करने की बात कही है।

पहले भी CM धामी से मिल चुके हैं पंत

यह पहली बार नहीं है जब ऋषभ पंत ने उत्तराखंड में जमीन खरीदने को लेकर मुख्यमंत्री से संपर्क किया है। इससे पहले पंत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी से मुलाकात कर उत्तराखंड में जमीन खरीदने की इच्छा जता चुके हैं। उस दौरान भी उन्होंने राज्य में जमीन खरीदने की अनुमति और प्रक्रिया को लेकर मदद मांगी थी। मुख्यमंत्री ने उन्हें प्रस्ताव देने और नियमानुसार हरसंभव सहयोग का भरोसा दिया था।

अब पंत की ताजा सोशल मीडिया अपील के बाद मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को उनसे संपर्क करने का निर्देश दिया है।

उत्तराखंड लौटना चाहते हैं ऋषभ पंत

ऋषभ पंत का उत्तराखंड से पुराना और गहरा संबंध है. उनका जन्म हरिद्वार में हुआ था और वह खुद को उत्तराखंड का मूल निवासी बताते हैं. क्रिकेट की वजह से लंबे समय से दिल्ली में रहने के बावजूद पंत अब अपने गृह राज्य में लौटकर घर बनाना चाहते हैं.

पंत की अपील में केवल जमीन खरीदने की इच्छा ही नहीं, बल्कि उत्तराखंड में रहकर राज्य के विकास में योगदान देने की भावना भी सामने आई है. यही वजह है कि उनकी पोस्ट सोशल मीडिया पर चर्चा का विषय बन गई है.

Latest news

Related news