PM Modi Jhalmudi : झाड़ग्राम: पश्चिम बंगाल के झाड़ग्राम में चुनावी सरगर्मियों के बीच एक नया और अनोखा सियासी विवाद खड़ा हो गया है. प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का रविवार को एक दुकान पर रुककर ‘झालमुड़ी’ का स्वाद लेना विपक्षी दल तृणमूल कांग्रेस (TMC) के निशाने पर आ गया है. TMC ने आरोप लगाया है कि प्रधानमंत्री के इस ‘अचानक’ कार्यक्रम विस्तार की वजह से झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन और उनकी पत्नी कल्पना सोरेन के हेलिकॉप्टर को झाड़ग्राम में उतरने की इजाजत नहीं दी गई.
PM Modi Jhalmudi का क्या है पूरा विवाद?
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रविवार को झाड़ग्राम में एक बड़ी चुनावी रैली को संबोधित करने पहुंचे थे. रैली खत्म होने के बाद, पीएम ने कॉलेज मोड़ के पास अपने काफिले को रुकवाया और सड़क किनारे एक स्थानीय दुकान पर जाकर पश्चिम बंगाल के मशहूर स्नैक ‘झालमुड़ी’ का आनंद लिया.
TMC का दावा है कि इसी दौरान हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन को दांतन और केशियारी की बैठकों के बाद झाड़ग्राम पहुंचना था लेकिन प्रधानमंत्री की मौजूदगी और उनके कार्यक्रम में हुए इस अचानक बदलाव के कारण सुरक्षा कारणों का हवाला देते हुए सोरेन के हेलिकॉप्टर की लैंडिंग रोक दी गई.
TMC ने बताया ‘आदिवासी विरोधी मानसिकता’
TMC ने अपने आधिकारिक बयान में बीजेपी पर कड़ा प्रहार करते हुए इसे ‘फोटो-ऑप’ बनाम ‘लोकतांत्रिक अधिकार’ की जंग करार दिया. पार्टी ने कहा:
“सिर्फ इसलिए कि ‘प्रधान सेवक’ झालमुड़ी खाकर तस्वीरें खिंचवाना चाहते थे, एक मौजूदा मुख्यमंत्री (हेमंत सोरेन) को चुनावी सभा में आने से रोक दिया गया। यह बीजेपी की आदिवासी विरोधी मानसिकता को साफ दर्शाता है।”
अनुमति न मिलने के कारण हेमंत सोरेन और कल्पना सोरेन को अपनी चुनावी जनसभाओं में शामिल हुए बिना ही वापस रांची लौटना पड़ा.
सोशल मीडिया पर छाई पीएम मोदी की तस्वीरें
एक तरफ जहाँ सियासत गरमाई हुई है, वहीं दूसरी तरफ पीएम मोदी ने इस पल की तस्वीरें और वीडियो सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म X (पूर्व में ट्विटर) पर साझा की हैं. उन्होंने लिखा, “पश्चिम बंगाल में व्यस्त चुनावी कार्यक्रम के बीच झाड़ग्राम में स्वादिष्ट झालमुड़ी का आनंद लिया.”
तस्वीरों में पीएम मोदी को आम लोगों के बीच खड़े होकर झालमुड़ी खाते देखा जा सकता है, जहाँ स्थानीय लोगों ने ‘जय श्री राम’ और ‘नरेंद्र मोदी जिंदाबाद’ के नारे भी लगाए.
ঝাড়গ্রামে ঝালমুড়ি খাবার বিরতি! pic.twitter.com/t0TcDeONxt
— Narendra Modi (@narendramodi) April 19, 2026
बंगाल चुनाव के आखिरी चरणों पर टिकी निगाहें
बता दें कि पश्चिम बंगाल में चुनावी मुकाबला अपने अंतिम पड़ाव पर है. राज्य में अगले दो चरणों का मतदान 23 अप्रैल और 29 अप्रैल को होना है,जबकि चुनावी नतीजों का ऐलान 4 मई को किया जाएगा. प्रधानमंत्री मोदी के इस झालमुड़ी से बंगाल कनेक्ट काार्यक्रम ने चुनाव से ऐन पहले आदिवासी बहुल क्षेत्र झाड़ग्राम में राजनीतिक पारा सातवें आसमान पर पहुँचा दिया है और बीजेपी के लिए एक लहर बना दिया है.

