खैरागढ़ : कलेक्टर इंद्रजीत सिंह चंद्रवाल के मार्गदर्शन एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार शुक्ला के निर्देशन में स्वास्थ्य विभाग, खैरागढ़-छुईखदान-गंडई एवं रामकृष्ण केयर हॉस्पिटल, रायपुर के संयुक्त तत्वावधान में आज सिविल अस्पताल, खैरागढ़ में निःशुल्क कैंसर जांच एवं परामर्श शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में कुल 60 मरीजों ने पंजीयन कराया। इनमें बड़ी संख्या में ऐसे मरीज शामिल रहे, जो पहले से कैंसर का उपचार करा रहे हैं। इसके अतिरिक्त स्तन में गांठ, मुख कैंसर से संबंधित समस्याओं एवं कैंसर के अन्य संभावित लक्षणों वाले मरीजों की जांच कर आवश्यक परामर्श दिया गया।
शिविर में डॉ. बबलेश माहावर, हेड पेन एवं पैलिएटिव मेडिसिन विशेषज्ञ तथा डॉ. नवीन जैन, एमडीएस ने अपनी विशेषज्ञ सेवाएं प्रदान कीं। चिकित्सकों ने मरीजों को उपचार, दर्द एवं अन्य तकलीफों के प्रबंधन तथा आगे की आवश्यक जांच के संबंध में उचित चिकित्सकीय मार्गदर्शन दिया। शिविर का मुख्य उद्देश्य कैंसर की समय रहते पहचान करना, मरीजों को विशेषज्ञ परामर्श उपलब्ध कराना तथा आम नागरिकों में कैंसर के प्रति जागरूकता बढ़ाना था। जिला स्वास्थ्य विभाग द्वारा भविष्य में भी ऐसे शिविरों के माध्यम से विशेषज्ञ स्वास्थ्य सेवाएं पहुंचाने एवं कैंसर की प्रारंभिक पहचान को प्रोत्साहित करने के प्रयास जारी रखे जाएंगे।
शिविर में स्वास्थ्य विभाग की ओर से मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. अनिल कुमार शुक्ला, सिविल सर्जन डॉ. आशीष शर्मा, जिला नोडल अधिकारी एनपी-एनसीडी डॉ. पंकज वैष्णव, बीएमओ खैरागढ़ डॉ. विवेक बिसेन, जिला कार्यक्रम प्रबंधक सोनल ध्रुव, आरएमएनसीएचए आरती चतुर्बीदानी, जिला लेखा प्रबंधक नवीन चौहान एवं जिला डाटा प्रबंधक खिलेश साहू उपस्थित रहे।

