Patna BPSC March : बिहार में 70वीं बीपीएससी परीक्षा को लेकर जमकर सियासत हो रही है. सत्ताधारी दल के निरंकुश शासन के खिलाफ जहां एक तरफ छात्रों ने मोर्चा खोल रखा है, वहीं विपक्षी दलों को भी बैठे बिठाए नीतीश सरकार को घेरने का एक बड़ा असवर मिला है. विपक्षी दल किसी भी हालत में इस मुद्दे को छोड़ने के मूड में नहीं हैं. इस सिलसिले बीपीएससी अभ्यर्थियों पर हुए लाठीचार्ज के विरोध में आज विपक्षी दलों के विधायकों ने राजभवन मार्च किया.ये विधायक 70वीं BPSC परीक्षा को रद्द करने की मांग के साथ मंगलवार को राजभवन को घेरने पहुंचे. इस विरोध मार्च में खास बात ये रही कि राजद ने विपक्ष के विरोध मार्च से खुद को दूर रखा.
Patna BPSC March : कांग्रेस माले ने किया राजभवन मार्च
मंगलवार को भाकपा माले और कांग्रेस ने राजभवन मार्च किया. ये विधायक जैसे ही बिहार विधानमंडल के पास से मार्च के लिए निकले पुलिस ने उन्हें राजभवन पहुंचने से पहले ही रास्ते में ही रोक दिया. पुलिस के द्वारा रोके जाने पर तमाम विधायक सड़क पर बैठकर ही हंगामा करते नजर आये.
भाकपा माले और कांग्रेस के विधायक महागठबंधन के विधायक राज्यपाल को ज्ञापन देने के लिए निकले थे लेकिन पुलिस ने उन्हें बीच रास्ते में ही रोक दिया.महागठबंधन के इस राजभवन मार्च में राजद का कोई भी नेता नजर नहीं आया.ऐसे में अब बिहार में विपक्ष में टूट की खबरों का बाजार गर्म है. सियासी गलियारे में कांग्रेस और राजद के संबंधों को लेकर अटकलबाजियों शुरु हो गई है.

