अनंत सिंह के 9 मर्डर वाले बयान पर प्रशांत किशोर की दो टूक,’हम कोई पुलिस अधिकारी नहीं…

Anant Singh Prashant Kishor नालंदा : बिहार की राजनीति में बाहुबली और जेडीयू नेता अनंत सिंह के कथित ‘9 मर्डर’ वाले बयान इन दिनों सूबे का सियासी पारा चढ़ाए हुए है. इस बीच, जन सुराज पार्टी के संस्थापक प्रशांत किशोर (Prashant Kishor) की इस पर पहली प्रतिक्रिया सामने आई है. नालंदा में एक कार्यक्रम के दौरान पीके ने दो टूक अंदाज में कहा कि इस मामले से उनका या उनकी पार्टी से कोई लेना-देना नहीं है.

“हम कोई पुलिस अधिकारी नहीं हैं”

शनिवार को नालंदा में ‘स्नातक जन संवाद’ कार्यक्रम में शामिल होने पहुंचे प्रशांत किशोर ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा, “हम कोई पुलिस पदाधिकारी तो हैं नहीं.अनंत सिंह ने क्या बोला और जेडीयू के लोगों ने क्या बोला, यह हमारा मामला नहीं है. यह जेडीयू का अंदरूनी या उनका अपना मामला है.”

प्रशांत किशोर ने आगे तंज कसते हुए कहा कि वे (सरकार) इसकी जांच करा लें, देख लें और अपने स्तर पर कार्रवाई कर लें। सत्ता में वे खुद बैठे हैं और विपक्ष में आरजेडी है. हम लोगों को इस बात से कोई मतलब नहीं है कि जेडीयू का कौन नेता अपने बारे में या नीतीश कुमार के बारे में क्या बयान दे रहा है.

‘यह वोट सरकार बनाने का नहीं, व्यवस्था को जवाबदेह बनाने का है’

नालंदा के दौरे पर पहुंचे प्रशांत किशोर ने आगामी चुनावों और जन संवाद पर जोर देते हुए कहा कि जनता को अब व्यवस्था बदलने के लिए जागरूक होना होगा. उन्होंने कहा,

“जैसा कि आप देख रहे हैं, हम लोगों ने इस चुनाव में मतदाताओं और समाज के प्रबुद्ध लोगों से आग्रह किया है कि यह वोट सरकार बनाने या किसी को सत्ता से हटाने का वोट नहीं है। बल्कि, यह वोट बनी हुई व्यवस्था और सरकार को जवाबदेह बनाने का है।”

इस दौरान उन्होंने अपील करते हुए कहा कि नालंदा से पटना स्नातक निर्वाचन क्षेत्र के लिए अनुज कुमार और शिक्षक निर्वाचन क्षेत्र के लिए दिव्या ज्योति को भारी मतों से विजयी बनाकर भेजें.

मंत्री जमा खान ने क्या कहा?

उधर, अनंत सिंह के इस विवादित बयान पर बिहार सरकार के मंत्री और जेडीयू नेता जमा खान की भी प्रतिक्रिया सामने आई है. उन्होंने पल्ला झाड़ते हुए कहा, “इसमें क्या सच्चाई है, मुझे इसकी कोई जानकारी नहीं है. कौन क्या कह रहा है, उससे मुझे कोई मतलब नहीं है. मैं सिर्फ विकास की बातें करना चाहता हूं। पहले किसने क्या किया और कब क्या हुआ, इसकी मुझे कोई जानकारी नहीं है.”

Latest news

Related news