NEET Re-Exam : NEET परीक्षा में हुई गडड़बडियों को लेकर विवाद अभी थमा भी नहीं है कि नेशनल टेस्टिंग एजेंसी (NTA) एक बार फिर नए विवाद में घिर गई है. 21 जून यानी रविवार को होने वाली NEET पुनर्परीक्षा से ठीक पहले महाराष्ट्र के नागपुर के एक छात्र को ऐसा परीक्षा केंद्र आवंटित कर दिया गया, जिसने NTA की कार्यप्रणाली पर नए सवाल खड़े कर दिए हैं.
मामला ये हैं कि नागपुर के छात्र ने अपने फार्म में परीक्षा केंद्र के लिए प्राथमिकता के तौर पर वर्धा और भंडारा को प्राथमिकता दी थी, लेकिन उसे परीक्षा देने के लिए सीधे संयुक्त अरब अमीरात (UAE) के अबूधाबी का सेंटर आवंटित कर दिया गया है.

NEET Re-Exam : वर्धा मांगा, मिला अबूधाबी!
नागपुर के रहने वाले छात्र अब्दुल्लाह मोहम्मद को 21 जून को होने वाली NEET पुनर्परीक्षा में शामिल होना है. आवेदन के दौरान उन्होंने परीक्षा केंद्र के लिए नागपुर, वर्धा और भंडारा को अपनी पसंद के तौर पर चुना था लेकिन जब एडमिट कार्ड जारी हुआ तो उसमें परीक्षा केंद्र अबूधाबी (UAE) दिखाया गया है. यह देखकर छात्र और उसका परिवार हैरान रह गया. आमतौर पर विदेशों में परीक्षा केंद्र NRI और अंतरराष्ट्रीय छात्रों के लिए बनाए जाते हैं, ऐसे में एक स्थानीय छात्र को विदेशी केंद्र आवंटित करना सीधे सीधे छात्र के भविष्य से खिलवाड़ करना है.
छात्र बोला- मेरे पास तो पासपोर्ट भी नहीं
अब्दुल्लाह ने बताया कि उनके पास पासपोर्ट तक नहीं है. ऐसे में एक 12वीम के छात्र के लिए 24 से 48 घंटे के भीतर पासपोर्ट, वीजा और यात्रा की पूरी प्रक्रिया पूरी करके विदेश जाकर परीक्षा देना असंभव है.
परीक्षा में अब सिर्फ एक दिन का समय बचा है, जिससे छात्र और उसके परिवार की चिंता बढ़ गई है. उनका कहना है कि इस तरह की गलती किसी भी छात्र के भविष्य को प्रभावित कर सकती है.
हेल्पलाइन पर शिकायत के बाद हरकत में आया NTA
मामला सामने आने के बाद छात्र ने NTA की हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई. शिकायत के बाद अधिकारियों ने इसे तकनीकी त्रुटि माना और आश्वासन दिया कि संशोधित एडमिट कार्ड जारी किया जाएगा.
हालांकि, नया हॉल टिकट मिलने तक छात्र और उसके परिवार की चिंता बनी हुई है. परीक्षा सिर पर है और ऐसे में किसी भी देरी का सीधा असर छात्र के मानसिक दबाव पर पड़ सकता है.
पूर्व मंत्री अनीस अहमद ने उठाए सवाल
महाराष्ट्र सरकार के पूर्व मंत्री और कांग्रेस नेता डॉ. अनीस अहमद ने इस मामले पर कड़ी प्रतिक्रिया दी है. उन्होंने कहा कि NEET जैसी महत्वपूर्ण परीक्षा में इस प्रकार की गलतियां छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ हैं. उनका कहना है कि NTA को तुरंत संशोधित प्रवेश पत्र जारी कर छात्र को उसके गृह क्षेत्र में परीक्षा केंद्र उपलब्ध कराना चाहिए.
देर रात मिला आश्वासन
अनीस अहमद के अनुसार, NTA हेल्पलाइन से संपर्क के बाद अधिकारियों ने भरोसा दिलाया कि छात्र को नागपुर में ही नया परीक्षा केंद्र आवंटित किया जाएगा और संशोधित एडमिट कार्ड जारी कर दिया जाएगा. बताया गया है कि छात्र को शाम तक नया हॉल टिकट उपलब्ध कराने की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है.
राहुल गांधी ने भी साधा निशाना
मामला सोशल मीडिया तक पहुंच गया, जिसके बाद कांग्रेस नेता Rahul Gandhi ने भी NTA पर निशाना साधा.उन्होंने एक्स पर प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि देश के बच्चों के भविष्य के साथ प्रयोग करना बंद होना चाहिए. उन्होंने एक संवेदनशील, जवाबदेह और पारदर्शी परीक्षा व्यवस्था की आवश्यकता पर जोर दिया.
नागपुर का एक बच्चा एक महीने से NEET re-exam की तैयारी कर रहा था।
कल परीक्षा से ठीक एक दिन पहले उसने admit card डाउनलोड किया। उसका सेंटर निकला – अबू धाबी।
न पासपोर्ट, न परिवार के पास विदेश भेजने के पैसे, न अब कोई वक़्त बचा है। वो रातभर रोता रहा, और परीक्षा देने से ही मना कर रहा… https://t.co/TJOHUBnFDB
— Rahul Gandhi (@RahulGandhi) June 20, 2026
NEET विवादों से पीछा नहीं छुड़ा पा रहा NTA
पिछले कुछ समय से NEET परीक्षा और NTA लगातार विवादों में रहे हैं. पेपर लीक, परीक्षा प्रबंधन और परिणामों को लेकर पहले ही एजेंसी सवालों के घेरे में है. अब परीक्षा केंद्र आवंटन में हुई यह कथित गलती एजेंसी की साख पर एक और बड़ा सवाल खड़ा कर रही है.
21 जून को होने वाली पुनर्परीक्षा से पहले सामने आया यह मामला उन लाखों छात्रों और अभिभावकों की चिंताओं को और बढ़ा सकता है, जो परीक्षा प्रणाली में पारदर्शिता और निष्पक्षता की उम्मीद लगाए बैठे हैं.

