खतरे में नीतीश सरकार, JDU – RJD आमने-सामने, टूट सकता है महागठबंधन

अभिषेक झा,ब्यूरो चीफ

पटना :  जेडीयू संसदीय बोर्ड के राष्ट्रीय अध्यक्ष उपेन्द्र कुशवाहा ने एक ऐसा बयान दिया है कि बिहार की राजनीति में बवाल हो गया है. उपेंद्र कुशवाहा ने यह कहकर सनसनी फैला दी कि लालू और तेजस्वी यादवा का बीजेपी से अंदर ही अंदर डील हो गई. केंद्र सरकार से फायदा लेने के लिए डील हुई है ताकि कई केसों में फायदा मिल सके. इसीलिए आरजेडी अपने विधायक शिक्षा मंत्री चंद्रशेखर के बयानों का खंडन नहीं कर रही है ना ही कोई कार्रवाई कर रही है.

आरजेडी जानबूझकर बीजेपी को फायदा पहुंचा रही है

उपेन्द्र कुशवाहा ने कहा कि रामचरितमानस जैसा विवाद सीधे तौर पर भारतीय जनता पार्टी को फायदा पहुंचा रहा है और इसीलिए आरजेडी ने जानबूझ कर ये विवाद खड़ा किया है. रामचरितमानस पर बात करने का मतलब है कि बीजेपी के पिच पर खेलना, उनके एजेंडे पर काम करना. ऐसे विषयों पर जब चर्चा होगी तो सबको मालूम है कि बीजेपी को फायदा होगा. बीजेपी को फायदा पहुंचाने के मकसद से राजद काम कर रहा है. उपेंद्र कुशवाहा ने याद दिलाया कि तेजस्वी यादव ने तो खुद कहा है कि उनके विधायक सुधाकर सिंह का बयान बीजेपी के पॉलिसी के अनुरूप है. और जब उनको भी मालूम है और सच भी यही है तो सुधाकर सिंह और शिक्षा मंत्री पर राष्ट्रीय जनता दल को कार्रवाई करनी चाहिए. वे लोग कार्रवाई नहीं कर रहे हैं यह दुखद बात है.

आरजेडी और बीजेपी के बीच डील हो गई है

जेडीयू नेता उपेंद्र कुशवाहा ने कहा कि यह कोई शिक्षा मंत्री या सुधाकर सिंह का मामला नहीं है. यह राष्ट्रीय जनता दल के शीर्ष नेतृत्व का मामला है. सब को मालूम है कि बीजेपी को फायदा पहुंचाने का काम राजद के लोग लगातार कर रहे हैं. यह जानते हुए भी कार्रवाई नहीं कर रहे हैं, चुप हैं. यह सीधे तौर पर गलत है. लोगों के मन में जो आशंका है कि किसी न किसी रूप में भारतीय जनता पार्टी के दबाव में राष्ट्रीय जनता दल के लोग काम कर रहे हैं. कुछ और मामलों में राजद के शीर्ष नेतृत्व(लालू-तेजस्वी) को केंद्र सरकार से मदद मिल जाए, ऐसी आशंकाओं को बल मिल रहा है. ऐसे में जितनी जल्दी हो सके कार्रवाई हो, ताकि ऐसी आशंकाएं खारिज हो सके.

जेडीयू शिक्षा मंत्री के बयान से इत्तेफाक नहीं रखती

उपेन्द्र कुशवाहा ने कहा कि हमारे नेता नीतीश कुमार को राजद के लोग गाली दे रहे हैं. राष्ट्रीय जनता दल इस पर मौन है. इसको लोग किस रूप में लेंगे ? ऐसी स्थिति में कैसे बर्दाश्त किया जा सकता है?  भारतीय जनता पार्टी का रामचरितमानस पर क्या रुख है ? हमारी पार्टी ने स्पष्ट कहा है कि शिक्षा मंत्री  के बयान से हम इत्तेफाक नहीं रखते हैं. उसके खिलाफ कार्रवाई करनी चाहिए.

Latest news

Related news