नितिन नबीन की नई टीम में बिहार के 3 चेहरे,संजय मयूख बाहर; शिवेश राम को बड़ी जिम्मेदारी

Nitin Nabin’s New Team Bihar पटना: भारतीय जनता पार्टी (BJP) के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन ने सोमवार को अपनी नई राष्ट्रीय टीम का ऐलान कर दिया. नई टीम में बिहार से तीन नेताओं को जगह मिली है. इनमें शिवेश कुमार राम, ऋतुराज सिन्हा और सिद्धार्थ शंभू शामिल हैं. हालांकि, बिहार से किसी नेता को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष या राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी नहीं दी गई है. नई नियुक्तियों में शिवेश कुमार राम को भाजपा अनुसूचित जाति (SC) मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष, ऋतुराज सिन्हा को सभी सेल का सह-संयोजक और सिद्धार्थ शंभू को राष्ट्रीय मंत्री बनाया गया है.

Nitin Nabin’s New Team Bihar:टीम में संजय मयूख को जगह नहीं

नितिन नबीन की नई राष्ट्रीय टीम में बिहार के चर्चित नेता संजय मयूख को जगह नहीं मिली है. वह इससे पहले भाजपा के राष्ट्रीय सह-मीडिया प्रभारी की जिम्मेदारी संभाल रहे थे. नई टीम में उन्हें कोई राष्ट्रीय पद नहीं दिया गया है. संजय मयूख के बाहर होने को पार्टी के मीडिया और संगठनात्मक ढांचे में बड़े बदलाव के तौर पर देखा जा रहा है.

भाजपा की नई राष्ट्रीय टीम में 13 राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, 8 राष्ट्रीय महामंत्री और 16 राष्ट्रीय मंत्री बनाए गए हैं. इसके अलावा संगठन महामंत्री, सह-संगठन महामंत्री और विभिन्न मोर्चों व प्रकोष्ठों में भी नियुक्तियां की गई हैं.

शिवेश कुमार राम को SC मोर्चे की कमान

शिवेश कुमार राम को भाजपा ने अनुसूचित जाति मोर्चा का राष्ट्रीय अध्यक्ष बनाया है. वह हाल ही में बिहार से राज्यसभा सदस्य निर्वाचित हुए हैं. इससे पहले वह बिहार विधानसभा के सदस्य भी रह चुके हैं. भाजपा ने उन्हें अब राष्ट्रीय स्तर पर अनुसूचित जाति वर्ग के बीच पार्टी की पहुंच और संगठन को मजबूत करने की महत्वपूर्ण जिम्मेदारी दी है.

सिद्धार्थ शंभू बने राष्ट्रीय मंत्री

बिहार भाजपा के पूर्व प्रदेश उपाध्यक्ष सिद्धार्थ शंभू को राष्ट्रीय टीम में राष्ट्रीय मंत्री की जिम्मेदारी मिली है. वह अब भाजपा के केंद्रीय संगठन में काम करेंगे. बिहार से राष्ट्रीय संगठन में उनकी एंट्री को पार्टी के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है.

ऋतुराज सिन्हा को मिली यह जिम्मेदारी

ऋतुराज सिन्हा को भाजपा की नई टीम में सभी सेल का सह-संयोजक बनाया गया है. यह जिम्मेदारी पार्टी के अलग-अलग सेल और संगठनात्मक गतिविधियों के समन्वय से जुड़ी है. ऐसे में उन्हें भी राष्ट्रीय स्तर पर संगठन के साथ काम करने का अवसर मिलेगा.

बिहार को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष या महामंत्री का पद नहीं

नितिन नबीन खुद बिहार से आते हैं और पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष हैं. ऐसे में नई टीम के ऐलान से पहले माना जा रहा था कि बिहार के कई नेताओं को राष्ट्रीय संगठन में बड़ी जिम्मेदारी मिल सकती है लेकिन अंतिम सूची में बिहार से न तो कोई राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया और न ही राष्ट्रीय महामंत्री. तीन नेताओं को अलग-अलग संगठनात्मक जिम्मेदारियां दी गई हैं.

इस लिहाज से टीम नितिन नबीन में बिहार का प्रतिनिधित्व सीमित लेकिन रणनीतिक नजर आ रहा है. खास तौर पर शिवेश राम को एससी मोर्चे की कमान मिलना सामाजिक और संगठनात्मक समीकरणों के लिहाज से अहम माना जा रहा है.

Latest news

Related news