Muharram Tazia : मोहर्रम को लेकर उत्तर प्रदेश के बरेली जिले में प्रशासन पूरी तरह सतर्क हो गया है. इस बार जिले में 12 फीट से अधिक ऊंचाई का कोई भी ताजिया निकालने की अनुमति नहीं होगी. नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए पुलिस गांव-गांव पहुंचकर ताजियों की ऊंचाई माप रही है और ताजियादारों को सुरक्षा मानकों के प्रति जागरूक कर रही है.
Muharram Tazia:1033 ताजियों पर रहेगी प्रशासन की नजर
पुलिस के अनुसार इस वर्ष जिले भर में कुल 1033 ताजिया निकाले जाएंगे. इनमें सबसे अधिक 93 ताजिया नवाबगंज क्षेत्र में निकलेंगे. इसके अलावा बहेड़ी में 81, हाफिजगंज में 79, भोजीपुरा और सीबीगंज में 60-60, शाही में 55, फतेहगंज पश्चिमी में 50 तथा शेरगढ़ में 49 ताजिए निकाले जाने हैं.
इसके साथ ही देवरनिया में 48, शीशगढ़ में 47, इज्जतनगर में 39, बारादरी में 36, किला और आंवला में 30-30, सिरौली में 28 तथा क्योलड़िया, मीरगंज और भमोरा में 26-26 ताजिए निकलेंगे.
हर ताजिए के लिए नियुक्त किया गया नोडल पुलिसकर्मी
एसएसपी अनुराग आर्य ने सभी ताजियों की निगरानी और सत्यापन के लिए एक-एक पुलिसकर्मी को नोडल अधिकारी नियुक्त किया है. संबंधित थाना प्रभारी इन पुलिसकर्मियों के साथ क्षेत्र में पहुंचकर ताजियों की ऊंचाई का भौतिक सत्यापन कर रहे हैं।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि यह कदम केवल सुरक्षा को ध्यान में रखकर उठाया गया है ताकि जुलूस के दौरान किसी प्रकार की दुर्घटना न हो.
मोहर्रम से पहले सभी तैयारियां पूरी करने के निर्देश
जिले के सभी थाना प्रभारियों और क्षेत्राधिकारियों (सीओ) को मोहर्रम से पहले तैयारियां पूरी करने के निर्देश दिए गए हैं। इसके तहत पीस कमेटी की बैठकें, पुराने विवादों की समीक्षा, जुलूस मार्गों का निरीक्षण, सुरक्षा बलों की तैनाती और आयोजकों के साथ समन्वय जैसे कार्य किए जा रहे हैं।
प्रशासन ने ताजियादारों, गांवों और जुलूस मार्गों से जुड़ी सभी जानकारियां निर्धारित प्रारूप में दर्ज करने के भी निर्देश दिए हैं.
पिछले साल हुआ था बड़ा हादसा
प्रशासन की सख्ती के पीछे पिछले वर्ष हुई एक गंभीर घटना भी वजह है. अधिकारियों के अनुसार फरीदपुर क्षेत्र के गौसगंज में 23 फीट ऊंचा ताजिया हाईटेंशन बिजली लाइन की चपेट में आ गया था, जिससे उसमें आग लग गई थी.
घटना के बाद ताजियादारों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की गई थी और लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों पर भी कार्रवाई की गई थी. इसी अनुभव को देखते हुए इस बार 12 फीट की अधिकतम ऊंचाई तय की गई है.
आज दिख सकता है मुहर्रम का चांद
दरगाह आला हजरत के मीडिया प्रभारी नासिर कुरैशी के अनुसार मंगलवार शाम मुहर्रम का चांद देखा जाएगा. चांद नजर आने के साथ ही इस्लामी नववर्ष की शुरुआत मानी जाएगी और मुहर्रम महीने का आगाज होगा.
दरगाह आला हजरत के सज्जादानशीन मुफ्ती अहसन मियां ने कहा कि मुहर्रम का महीना इंसानियत, सब्र और कुर्बानी का संदेश देता है. यौमे आशूरा 10 मुहर्रम को मनाया जाएगा.
सुरक्षा व्यवस्था चाक-चौबंद
एसएसपी अनुराग आर्य ने बताया कि मोहर्रम को शांतिपूर्ण और सुरक्षित तरीके से संपन्न कराने के लिए सभी आवश्यक तैयारियां पूरी कर ली गई हैं. जुलूस मार्गों का निरीक्षण किया जा रहा है और आयोजकों को सुरक्षा संबंधी दिशा-निर्देश दिए गए हैं. प्रशासन लगातार ताजियादारों के संपर्क में है और सभी से निर्धारित सुरक्षा मानकों का पालन करने की अपील कर रहा है.

