Tiger Shroff Firing Case : मुंबई में टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हुई फायरिंग के मामले में राजस्थान के कोटा से पकड़े गए तीन संदिग्धों में एक नाबालिग भी शामिल है. उसकी गिरफ्तारी के बाद पिता नरेश ने कहा कि उनका बेटा गोहाना में टाइल और पत्थर लगाने का काम सीख रहा थ. उन्हें नहीं पता कि वह घर से निकलने के बाद कहां गया और किन लोगों के संपर्क में आया. परिवार ने मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की है.
दिव्यांग पिता बोले- बेटे को बहला-फुसलाकर तो नहीं ले गए?
नरेश खुद दिव्यांग हैं और मजदूरी करके परिवार का खर्च चलाते हैं. उनका बेटा गोहाना में टाइल और पत्थर लगाने का काम सीख रहा था. परिवार को इस बात की जानकारी नहीं थी कि वह किसी आपराधिक गतिविधि से जुड़े लोगों के संपर्क में है.
पिता ने बताया कि उनका बेटा 13 तारीख को घर आया था. इसके बाद वह कहां गया, किससे मिला और मुंबई कैसे पहुंचा, इस बारे में परिवार को कुछ नहीं मालूम. बेटे की गिरफ्तारी की खबर से घरवाले हैरान हैं.
नरेश ने आशंका जताई कि कहीं किसी ने उनके बेटे को बहला-फुसलाकर इस मामले में शामिल तो नहीं कर लिया. उन्होंने पुलिस से पूरे मामले की निष्पक्ष जांच करने और सच्चाई सामने लाने की मांग की है.
सोनीपत का रेहान भी गिरफ्तार, परिवार ने बताई ये बातें
इस मामले में हरियाणा के सोनीपत जिले के देवरू गांव के रहने वाले रेहान को भी गिरफ्तार किया गया है. परिवार के मुताबिक, वह अपनी मां और छोटे भाई के साथ रहता था. उसकी मां समसिदा एक निजी कंपनी में काम करती हैं.
परिवार का कहना है कि रेहान ज्यादा पढ़ाई नहीं कर पाया.नौवीं कक्षा में असफल होने के बाद उसने पढ़ाई छोड़ दी और काम करने लगा. उसकी मौसी अफसाना के मुताबिक, जेल से बाहर आने के बाद उसने वेल्डिंग का काम शुरू किया था.
परिवार ने बताया कि रेहान पहले भी अवैध हथियार रखने के मामले में जेल जा चुका था.हालांकि, इस पुराने मामले और टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हुई फायरिंग के बीच संबंध होने की पुष्टि जांच से ही होगी.
परिजनों के अनुसार, रेहान बकरीद पर घर आया था. इसके बाद उसने काम पर जाने की बात कही और घर से निकल गया. परिवार को उसकी गिरफ्तारी और मुंबई में हुई फायरिंग के बारे में पहले से जानकारी नहीं थी.
पुलिस का दावा- अनिल पंडित के संपर्क में थे संदिग्ध
कोटा पुलिस के मुताबिक, मुंबई पुलिस से मिले इनपुट के आधार पर संदिग्धों की तलाश की गई. पुलिस का दावा है कि अनिल पंडित नाम के व्यक्ति ने कथित तौर पर आरोपियों से संपर्क किया था और नाबालिग को भी इस घटना में शामिल किया गया.
मामले में अनिल पंडित की भूमिका और कथित गैंग कनेक्शन की भी जांच की जा रही है. सोशल मीडिया पोस्ट और ऑडियो क्लिप में अनिल पंडित नाम से फायरिंग की जिम्मेदारी लेने का दावा सामने आया है.
य़े भी पढ़े:-टाइगर श्रॉफ पर हमले के बाद नया ऑडियो वायरल,सुशांत सिंह राजपूत का नाम लेकर…
जुहू में टाइगर श्रॉफ की गाड़ी पर हुई थी फायरिंग
यह घटना 18 अक्टूबर की शाम मुंबई के जुहू इलाके में हुई थी.रिपोर्टों के मुताबिक, टाइगर श्रॉफ एक फुटबॉल गतिविधि के बाद लौट रहे थे, तभी बाइक सवार हमलावरों ने उनकी गाड़ी पर गोलियां चलाईं.अभिनेता को गोली नहीं लगी, लेकिन उनके ड्राइवर और पास मौजूद एक अन्य व्यक्ति के घायल होने की खबर है.
ये भी पढ़े:- टाइगर श्रॉफ पर हमला मामले में जांच का खुलासा,रेकी करके आये थे हमलावर, संजय…
पुणे-जयपुर एक्सप्रेस में मिले तीनों संदिग्ध
पुलिस के अनुसार, मुंबई से भागने के बाद तीनों संदिग्ध ट्रेन से जा रहे थे.राजस्थान के कोटा रेलवे स्टेशन पर संयुक्त कार्रवाई के दौरान उन्हें पकड़ लिया गया. इस कार्रवाई में कोटा पुलिस और अन्य संबंधित पुलिस इकाइयों ने हिस्सा लिया.
मीडिया रिपोर्टों में गिरफ्तार लोगों की पहचान हरियाणा के एक नाबालिग, बिहार के बेगूसराय के रहने वाले ऋतिक कुमार उर्फ रोशन और सोनीपत के रेहान के रूप में बताई गई है. पुलिस के मुताबिक, संदिग्धों के कथित गैंग कनेक्शन और हमले के पीछे की वजह की जांच जारी है.
महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने कार्रवाई के बाद कहा कि मामले की गंभीरता से जांच की जाएगी और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई होगी.

