पप्पू यादव को मिला इंकम टैक्स का नोटिस, बाढ़ पीडितों की आर्थिक मदद के लिए नोट बांटने का मामला

Pappu Yadav IT Notice : पूर्णिया से  निर्दलीय सांसद पप्पू यादव को इंकम टैक्स विभाग का नोटिस मिला है. पप्पू यादव ने आरोप लगाया है कि आयकर विभाग ने उनके द्वारा बाढ पीडितों को बांटे गये पैसों की मदद को अपराध बताया है. इस बात की जानकारी खुद उनके सोशल मीडिया पर पोस्ट की गई है. सोशल मीडिया एक्स पर एक पप्पू यादव की तरफ से एक पोस्ट डाला गया है जिसमें बताया गया है कि उन्होंने वैशाली जिले के नयागांव पूर्वी पंचायत अंतर्गत आने वाले मनियारी गांव में बाढ़ पीड़ितों की मदद की थी. इसी मामले में पप्पू यादव पर आचार संहिता के उल्लंघन का मामला भी दर्ज है. आरोप है कि विधानसभा चुनाव की घोषणा के बाद उन्होंने वैशाली जिले के गांवो में कैश बांटा था जो आदर्श आचार संहिता उल्लंघन था.

 Pappu Yadav IT Notice :सोशल मीडिया पर पप्पू यादव ने रखी अपनी बात

पूर्णिया सांसद ने शनिवार को सोशल मीडिया एक्स पर एक पोस्ट डाला, जिसमें लिखा कि  ‘मुझे इनकम टैक्स का नोटिस मिला है, बाढ़ पीड़ितों की मदद में रुपये बांटने को अपराध बताया है. यह अपराध है तो मैं हर वंचित पीड़ित की सहायता का अपराध सदैव करता रहूंगा’

अपने ट्वीट में उन्होंने ये भी लिखा है कि ‘वैशाली जिले के मनियारी गांव में बाढ़ से लोगों का घर-द्वार सब गंगाजी में विलीन हो गया था. उन्होंने इन लोगों की मदद की थी.’

नोटिस को लेकर पप्पू यादव ने सवाल किया कि  “वैशाली जिले के नयागांव पूर्वी पंचायत अंतर्गत मनियारी गांव के बाढ़ पीड़ितों जिनका घर-द्वार सब गंगाजी में विलीन हो गया, उनका मदद न करता तो क्या गृह राज्य मंत्री (नित्यानंद राय), स्थानीय MP (चिराग पासवान) जैसे स्वघोषित CM उम्मीदवारों की तरह मूकदर्शक बना रहता?

मामला पप्पू यादव के करीब 15 दिन पहले किये गये वैशाली दौरे का है, जब वो वैशाली जिले के उन गांवों में पहुंचे जहां बाढ़ के कारण लोगों के घर बार सब छिन चुके हैं. वहां पहुंचकर उनहोंने लोगों के बीच रुपये बांटे और बाढ़ पीडितों की आर्थिक मदद की थी. इस घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल भी हुआ. इसके बाद पप्पू यादव के खिलाफ स्थानीय सहदेई थाने में एफआईआर दर्ज कराई गई थी. एफआईआर में पप्पू यादव पर आदर्श आचार संहिता के उल्लंघन का मामला दर्ज हुआ.

Latest news

Related news