Uttarakhand Press Club देहरादून : मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने गुरुवार को मुख्यमंत्री आवास में उत्तराखंड प्रेस क्लब की स्मारिका ‘गुलदस्ता’ का विमोचन किया. इस अवसर पर उन्होंने स्मारिका के प्रकाशन के लिए प्रेस क्लब के पदाधिकारियों और पत्रकारों को शुभकामनाएं दीं. मुख्यमंत्री ने कहा कि स्मारिकाएं किसी संस्था की गतिविधियों, उपलब्धियों, विचारों और सामाजिक सरोकारों को संजोने का महत्वपूर्ण माध्यम होती हैं.
मुख्यमंत्री ने कहा कि ‘गुलदस्ता’ के माध्यम से पत्रकारिता जगत से जुड़े विभिन्न पहलुओं के साथ उत्तराखंड की सामाजिक, सांस्कृतिक और विकास यात्रा को एक स्थान पर प्रस्तुत करने का प्रयास सराहनीय है.
Uttarakhand Press Club:समाज और सरकार के बीच महत्वपूर्ण कड़ी है मीडिया
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने पत्रकारिता को लोकतंत्र का महत्वपूर्ण स्तंभ बताते हुए कहा कि मीडिया समाज को जागरूक करने के साथ जनहित से जुड़े मुद्दों को शासन-प्रशासन तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाता है. सरकार की योजनाओं और नीतियों की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने में भी मीडिया की महत्वपूर्ण भूमिका है.
उन्होंने कहा कि पत्रकार समाज के विभिन्न वर्गों की समस्याओं, उपलब्धियों और सरोकारों को प्रमुखता से सामने लाते हैं. इससे लोकतांत्रिक व्यवस्था मजबूत होती है और जनहित से जुड़े विषयों पर संवाद को बढ़ावा मिलता है.
उत्तराखंड के विकास में पत्रकारों का अहम योगदान
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड के राज्य आंदोलन से लेकर राज्य निर्माण और वर्तमान विकास यात्रा तक पत्रकारिता जगत का महत्वपूर्ण योगदान रहा है. राज्य की उपलब्धियों और विकास कार्यों को व्यापक स्तर पर पहुंचाने में मीडिया की भूमिका अहम है.
उन्होंने कहा कि उत्तराखंड तेजी से विकास की दिशा में आगे बढ़ रहा है. राज्य के पर्यटन, संस्कृति, पर्यावरण, स्थानीय प्रतिभाओं और विभिन्न क्षेत्रों में हो रहे नवाचारों को देश-दुनिया तक पहुंचाने में पत्रकार महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकते हैं.
अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुंचाना सरकार का लक्ष्य
मुख्यमंत्री धामी ने कहा कि राज्य सरकार ‘सेवा, सुशासन एवं समर्पण’ की भावना के साथ प्रदेश के विकास और जनकल्याण के लिए कार्य कर रही है. सरकार का प्रयास है कि विकास योजनाओं और जनकल्याणकारी कार्यक्रमों का लाभ समाज के अंतिम पायदान पर खड़े व्यक्ति तक पहुंचे.
उन्होंने कहा कि मीडिया सरकार और जनता के बीच संवाद का एक महत्वपूर्ण माध्यम है. सकारात्मक और तथ्यपरक पत्रकारिता प्रदेश के विकास को नई दिशा देने में मदद करती है.
प्रेस क्लब ने मुख्यमंत्री का जताया आभार
कार्यक्रम के दौरान उत्तराखंड प्रेस क्लब के पदाधिकारियों ने स्मारिका ‘गुलदस्ता’ के प्रकाशन से संबंधित जानकारी साझा की और मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त किया. उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब पत्रकारों के हितों के संरक्षण के साथ सामाजिक सरोकारों से जुड़े विषयों पर भी निरंतर कार्य करता रहेगा.
इस अवसर पर उत्तराखंड प्रेस क्लब के पदाधिकारी, सदस्य और विभिन्न मीडिया संस्थानों से जुड़े पत्रकार उपस्थित रहे.

