दिल्ली एयरपोर्ट पर टला बड़ा विमान हादसा! टेक-ऑफ के दौरान स्विस एयर के विमान से उठा धुआं, मची अफरा-तफरी

IGI Airport Emergency Landing : देश की राजधानी दिल्ली स्थित इंदिरा गांधी इंटरनेशनल (IGI) एयरपोर्ट पर रविवार तड़के एक बड़ा विमान हादसा होते-होते बचा. ज्यूरिख जा रहे स्विस एयर के विमान में उड़ान भरने से ठीक पहले तकनीकी खराबी आ गई, जिसके कारण रनवे पर ‘फुल इमरजेंसी’ घोषित करनी पड़ी. पायलट की सूझबूझ और एयरपोर्ट अथॉरिटी की त्वरित कार्रवाई से एक बड़ी अनहोनी टल गई, हालांकि इस पूरी प्रक्रिया के दौरान कुछ यात्री चोटिल हो गए हैं.

IGI Airport Emergency Landing:रनवे पर धुआं और पायलट की मुस्तैदी

जानकारी के मुताबिक, स्विस एयर का यह विमान रनवे पर दौड़ रहा था और उड़ान भरने ही वाला था कि अचानक चालक दल की नजर ‘लेफ्ट लैंडिंग गियर’ पर पड़ी. विमान के बाएं लैंडिंग गियर से गहरा काला धुआं निकलता देख पायलट ने बिना देर किए टेक-ऑफ को बीच में ही रोक दिया. जैसे ही धुआं उठने की खबर कंट्रोल रूम तक पहुंची, एयरपोर्ट पर हड़कंप मच गया और तुरंत राहत एवं बचाव कार्य शुरू कर दिया गया.

निकासी के दौरान मची अफरा-तफरी

खतरे की आशंका को देखते हुए विमान के सभी 7 इमरजेंसी एग्जिट गेट तुरंत खोल दिए गए. विमान में सवार 232 लोगों की जान बचाने के लिए स्लाइडर के जरिए उन्हें बाहर निकालने की प्रक्रिया शुरू हुई. इसी दौरान यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई, जिसमें 4 यात्री घायल हो गए. मौके पर पहुंची फायर टेंडर्स (TFT) की टीम ने स्थिति को संभाला ताकि किसी भी तरह की आगजनी को रोका जा सके.

घायलों का उपचार और रेस्क्यू ऑपरेशन

विमान से सुरक्षित निकाले गए 227 यात्रियों को डायल (DIAL) के विशेष रिसेप्शन सेंटर में शिफ्ट किया गया है. वहीं, हादसे में घायल हुए चार यात्रियों में से तीन की हालत गंभीर बताई जा रही है, जिन्हें इलाज के लिए मेदांता अस्पताल में भर्ती कराया गया है. एक अन्य मामूली रूप से घायल यात्री का उपचार एयरपोर्ट के ही मेडिकल सेंटर में किया गया. स्थिति को नियंत्रित करने के लिए ‘क्राइसिस मैनेजमेंट सेंटर’ और ‘मल्टी एजेंसी रिस्पांस टीम’ को तुरंत सक्रिय कर दिया गया था.

जांच के घेरे में तकनीकी कारण

प्रारंभिक जांच में विमान के लैंडिंग गियर में तकनीकी खराबी की आशंका जताई जा रही है. एयरपोर्ट अधिकारियों का कहना है कि समय रहते उठाए गए कदमों के कारण विमान में सवार सभी लोगों की जान बचा ली गई. हालांकि, इस घटना की विस्तृत जांच के आदेश दे दिए गए हैं. पूरी रिपोर्ट आने के बाद ही साफ हो पाएगा कि आखिर रनवे पर विमान के पहियों के पास से धुआं उठने की असली वजह क्या थी.

Latest news

Related news