सीवान में 5 घंटे में आरोपी का ‘हाफ एनकाउंटर’, BJP नेता के भगीना की हत्या से हड़कंप,बीजेपी बोली-‘रूल ऑफ सम्राट’ में नहीं बचेंगे आपराधी

Siwan Half-Encounter : बिहार के सीवान जिले में बुधवार की रात अपराधियों ने बड़ी वारदात को अंजाम दिया. बदमाशों ने बीजेपी के पूर्व एमएलसी मनोज कुमार सिंह के बहनोई चंदन सिंह और भगीना हर्ष सिंह को सरेआम गोली मार दी. इस हमले में हर्ष सिंह की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि चंदन सिंह गंभीर रूप से घायल हैं. घटना के बाद पूरे इलाके मे हड़कंप मच गया. बिहार में बदली हुई सरकार और पुलिस की मुस्तैदी ने घटना के महज 5 घंटे के भीतर आरोपी का ‘हाफ एनकाउंटर’ करके ये साफ कर दिया है कि अपराधियों के लिए अब बिहार में कोई जगह नहीं है.

Siwan Half-Encounter:तिलक समारोह में जाते समय मारी गोली

जानकारी के अनुसार, बुधवार की शाम लक्ष्मीपुर निवासी चंदन सिंह और उनके भांजे हर्ष सिंह एक गाड़ी में सवार होकर तिलक समारोह में शामिल होने जा रहे थे. इसी दौरान नगर थाना क्षेत्र के आंदर ढाला ओवरब्रिज के पास अपराधियों ने उन पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी. घायल अवस्था में दोनों को सदर अस्पताल लाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने हर्ष को मृत घोषित कर दिया. चंदन सिंह की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें बेहतर इलाज के लिए पटना रेफर किया गया है.

पुलिस का ‘ऑपरेशन लंगड़ा’: 5 घंटे में छोटू यादव को किया अधमरा 

वारदात के बाद सीवान एसपी पूरन कुमार झा के नेतृत्व में पुलिस ने तुरंत कार्रवाई शुरू की. सीसीटीवी फुटेज के आधार पर मुख्य आरोपी छोटू कुमार यादव की पहचान की गई. पुलिस जब उसे गिरफ्तार करने पहुंची, तो उसने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी. जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने उसके पैर में गोली मार दी, जिसे ‘हाफ एनकाउंटर’ (ऑपरेशन लंगड़ा) कहा जा रहा है. घायल आरोपी को गिरफ्तार कर अस्पताल में भर्ती कराया गया है.

“बिहार में अब रूल ऑफ सम्राट है” – बीजेपी

इस घटना के बाद बिहार की सियासत गरमा गई है. बीजेपी नेता नीरज कुमार ने तीखी प्रतिक्रिया देते हुए कहा कि बिहार में अब ‘रूल ऑफ लॉ’ के साथ-साथ ‘रूल ऑफ सम्राट’ भी चल रहा है. उन्होंने कहा:

“मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी का तल्ख तेवर अपराधियों के लिए सीधा संकेत है—या तो अपराध छोड़ दो या बिहार छोड़ दो। जो अपराधी समझते हैं कि वे बच जाएंगे, वे भ्रम में हैं। अपराधियों की अब खैर नहीं है।”

जांच में जुटी पुलिस, भारी तनाव

घटनास्थल का निरीक्षण करने पहुंचे एसपी पूरन कुमार झा और नगर इंस्पेक्टर अविनाश कुमार ने वहां से एक गोली और खोखा बरामद किया है. अस्पताल में पूर्व एमएलसी मनोज सिंह और विधायक व्यास सिंह समेत भारी संख्या में समर्थकों की भीड़ जुटी रही. पुलिस मामले के अन्य पहलुओं की भी गहनता से जांच कर रही है ताकि इस साजिश में शामिल अन्य लोगों को भी पकड़ा जा सके.

Latest news

Related news