गंगा एक्सप्रेसवे का सफर आज से शुरू,जेब पर कितना पड़ेगा बोझ?जानें पूरी टोल लिस्ट

Ganga Expressway Toll Rates :उत्तर प्रदेश के बुनियादी ढांचे में एक और मील का पत्थर जुड़ गया है. मेरठ से प्रयागराज को जोड़ने वाला बहुप्रतीक्षित गंगा एक्सप्रेसवे अब वाहनों की रफ्तार के लिए तैयार है. सुरक्षित और आरामदेह सफर का अनुभव देने वाले इस एक्सप्रेसवे के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने टोल दरों (Toll Rates) की आधिकारिक घोषणा कर दी है. अब संगम नगरी और गंगा नगरी के बीच की दूरी महज कुछ घंटों की रह गई है.

Ganga Expressway Toll Rates:किस वाहन को कितना देना होगा टोल? 

जारी की गई दरों के अनुसार, टोल शुल्क वाहन के प्रकार और तय की गई दूरी (प्रति किलोमीटर) के आधार पर लिया जाएगा. यहाँ देखें विस्तृत सूची:-

  • दो-तीन पहिया वाहन और ट्रैक्टर: ₹1.28 प्रति किलोमीटर.

  • कार, जीप, वैन और हल्के मोटर वाहन (LMV): ₹2.55 प्रति किलोमीटर.

  • हल्के वाणिज्यिक वाहन और मिनीबस: ₹4.05 प्रति किलोमीटर.

  • बस और ट्रक: ₹8.20 प्रति किलोमीटर.

  • मल्टी-एक्सल और भारी मशीनरी वाहन: ₹12.60 प्रति किलोमीटर.

  • 7 या अधिक एक्सल वाले ओवरसाइज वाहन: ₹16.10 प्रति किलोमीटर.

120 किमी/घंटा की रफ्तार और सुरक्षित सफर

गंगा एक्सप्रेसवे को आधुनिक मानकों पर तैयार किया गया है. यहाँ वाहन चालक 120 किमी/घंटा की अधिकतम रफ्तार से अपनी मंजिल तय कर सकेंगे. सबसे खास बात यह है कि मुख्य कैरिजवे पर टेम्पो, बाइक (कम क्षमता वाली) या ट्रैक्टर-ट्रॉली जैसे धीमे चलने वाले वाहन बाधा नहीं बनेंगे, जिससे दुर्घटनाओं का खतरा कम होगा और समय की बचत होगी.

कुंभ स्नान की राह हुई आसान

अगले कुंभ और अर्द्धकुंभ के लिए पूर्वांचल से लेकर पश्चिमी यूपी के श्रद्धालुओं को अब मशक्कत नहीं करनी होगी. प्रयागराज हो या हरिद्वार, श्रद्धालु अब कम समय में पवित्र डुबकी लगा सकेंगे. यह एक्सप्रेसवे न केवल सफर को आसान बनाएगा बल्कि हरिद्वार और प्रयागराज जैसे तीर्थों के बीच एक मजबूत सेतु का काम करेगा.

‘टेंपल इकोनॉमी’ को मिलेगा जबरदस्त बढ़ावा

गंगा एक्सप्रेसवे के शुरू होने से उत्तर प्रदेश में ‘टेंपल इकोनॉमी’ (धार्मिक अर्थव्यवस्था) में बड़ी उछाल आने की उम्मीद है. प्रयागराज से हरिद्वार के बीच स्थित गढ़मुक्तेश्वर और संभल जैसे धार्मिक स्थलों पर पर्यटकों की संख्या बढ़ेगी. एक्सप्रेसवे पर 12 प्रमुख स्थानों पर एग्जिट (Exit) दिए गए हैं, जिससे यात्री आसानी से उतरकर आस-पास के प्रसिद्ध मंदिरों और ऐतिहासिक स्थलों के दर्शन कर सकेंगे.

गंगा एक्सप्रेसवे की मुख्य विशेषताएं:
  1. मेरठ से प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के पश्चिमी हिस्से को सीधे पूर्वी हिस्से से जोड़ता है.

  2. रफ्तार: 120 किमी प्रति घंटा की डिजाइन स्पीड.

  3. कनेक्टिविटी: एक्सप्रेसवे के किनारे औद्योगिक कॉरिडोर का विकास, जिससे रोजगार बढ़ेगा.

  4. सुविधाएं: रास्ते में यात्रियों के लिए आधुनिक जन सुविधा परिसर और फ्यूल स्टेशन.

Latest news

Related news