पश्चिमी चंपारण के बगहा में महिलाओं का गर्भाशय निकालने वाले फर्जी नर्सिंग होम का खुलासा,नर्सिंग होम किया गया सील

बगहा

बिहार में किडनी के बाद गर्भाशय निकालने का मामला

पश्चिमी चंपारण के बगहा में महिलाओं का गर्भाशय निकालने वाले फर्जी नर्सिंग होम का खुलासा हुआ है .यहां 7 महिलाओं का गर्भाशय निकालने का मामला सामने आने से सनसनी मच गई है.  शिकायत मिली थी कि यहां कई नर्सिंग होम में महिलाओं को ऑपरेशन और डिलीवरी के नाम एडमिट किया जाता है और धोखे से उनका गर्भाशय निकाल दिया जाता है.

शिकायत मिलने के बाद स्पेशल टीम की दबिश

रामनगर में अवैध तरीके से चल रहे फ़र्ज़ी नर्सिंग होम औऱ अवैध क्लीनिक पर ज़िला प्रशासन के निर्देश पर एक विशेष टीम गठित कर छापेमारी की गई जिसमें ओम साईं क्लीनिक में 11 ऑपरेशन किए हुए मरीज पाए गए. जिसके बाद अस्पताल के कागजातों की जांच की प्रक्रिया पूरी की गई. वही कागजात पूरे ना होने की वजह से चिकित्सा प्रभारी चंद्रभूषण व अंचलाधिकारी विनोद कुमार मिश्रा के साथ थानाध्यक्ष अनंतराम की मौजूदगी में नर्सिंग होम को सील कर दिया. जबकि ऑपरेशन किये गए मरीजों को रेस्क्यू कर उन्हें सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया. इस दौरान में रामनगर PHC के चिकित्सा प्रभारी चंद्रभूषण ने बताया कि रामनगर में अवैध रूप से चल रहे कई नर्सिंग होम व अल्ट्रासाउंड केंद्र पर छापेमारी की जा रही है. इस नर्सिंग होम में 11 ऑपरेशन किये गए मरीज पाए गए हैं जिन्हें सदर अस्पताल बेतिया शिफ्ट कराकर नर्सिंग होम को सील किया गया है. अब उचित कानूनी कार्रवाई की प्रक्रिया शुरू है. उन्होंने यह भी बताया कि अभी कई ऐसे फर्जी अस्पताल बाकी हैं जिनकी जांच कर फर्जी पाए जाने पर सील कर उनके विरुद्ध भी दंडात्मक कार्रवाई की जाएगी .

बता दें कि रामनगर, भैरोगंज व बगहा में दर्ज़नों ऐसे फ़र्ज़ी नर्सिंग होम व अवैध क्लीनिक में नीम हकीम मरीजों के जान माल से खिलवाड़ कर रहे हैं. यही वज़ह है कि यहां PHC की भूमिका भी संदेह के घेरे में है. लिहाजा ज़िला प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग अब इस मामले में संजीदगी से ताबड़तोड़ छापेमारी और जांच कर कार्रवाई में जुटा है जिससे झोलाछाप चिकित्सकों में हड़कंप मचा है.

Latest news

Related news