भगवान के गले से हार तक उतार लिया…भावुक हुए इकबाल अंसारी,सीएम से की सख्त कार्रवाई की मांग

Ram Mandir Iqbal Ansari  : अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि मंदिर में  चढ़ावा चोरी और दान गबन मामले को लेकर लगातार नए बयान सामने आ रहे हैं. अब इस मामले पर सबका ध्यान खींचा है एक खास बयान ने- राम मंदिर – बाबरी मस्जिद मामले में बाबरी मस्जिद की तरफ से पैरोकार रहे इकबाल अंसारी ने भी इस घटना पर गहरा दुख जताते हुए इसे पूरे देश के लिए शर्मनाक बताया है. उन्होंने कहा कि इतिहास में पहली बार भगवान के घर में इस तरह की चोरी की खबर सुनने को मिली है, जिसने करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था को आहत किया है. इकबाल अंसारी ने कहा कि अगर मंदिर परिसर से भगवान का हार और चरण पादुका तक चोरी हो गई है तो यह बेहद गंभीर मामला है और दोषियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई होनी चाहिए.

Ram Mandir Iqbal Ansari  : ‘भगवान के गले से हार तक उतार लिया’

मीडिया से बातचीत में इकबाल अंसारी ने कहा,

“पूरी दुनिया में आज तक ऐसा कहीं नहीं हुआ कि भगवान के घर में चोरी हो गई हो.लोगों ने भगवान राम के गले से हार उतार लिया और उनकी चरण पादुका तक नहीं छोड़ी. इतनी सुरक्षा व्यवस्था के बावजूद ऐसा होना बेहद शर्मनाक है.”

उन्होंने कहा कि यह केवल चोरी का मामला नहीं बल्कि करोड़ों लोगों की धार्मिक भावनाओं से जुड़ा विषय है.

‘अयोध्या पूरी दुनिया की आस्था का केंद्र’

इकबाल अंसारी ने कहा कि अयोध्या केवल एक शहर नहीं बल्कि करोड़ों लोगों की आस्था का केंद्र है.

उन्होंने कहा,

“भगवान राम का मंदिर पूरी दुनिया के हिंदुओं की श्रद्धा का प्रतीक है. देश-विदेश से लोग यहां दर्शन करने आते हैं. ऐसे पवित्र स्थान पर इस तरह की घटना पूरे अयोध्या की बदनामी है.”

‘हमने भी राम मंदिर के फैसले का सम्मान किया’

इकबाल अंसारी ने अपने पुराने रुख का जिक्र करते हुए कहा कि सुप्रीम कोर्ट के फैसले के बाद उन्होंने भी राम मंदिर निर्माण का सम्मान किया था. उन्होंने कहा,

“हमारे पिता ने भी यह मुकदमा लड़ा और हमने भी देखा. लेकिन जब भगवान राम के पक्ष में फैसला आया तो हमने मुसलमानों से कहा कि यह हिंदुओं की आस्था का विषय है. मंदिर बनने दो.मंदिर बनेगा तो सभी को फायदा होगा. मुसलमान भी मंदिर का सम्मान करते हैं.”

सीएम योगी से की कड़ी कार्रवाई की मांग

इकबाल अंसारी ने उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से अपील करते हुए कहा कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाना चाहिए. उन्होंने कहा,

“भगवान का हार और चरण पादुका वापस लाई जाए. जिन लोगों ने यह काम किया है, उन पर सख्त कानूनी कार्रवाई होनी चाहिए. यह पूरे अयोध्या की बदनामी है.”

एफआईआर दर्ज होने पर भी उठाए सवाल

इकबाल अंसारी ने कहा कि यदि मंदिर में कोई अनियमितता नहीं हुई होती तो एफआईआर दर्ज ही क्यों होती. उन्होंने कहा,

“अगर कुछ नहीं हुआ तो एफआईआर कैसे हुई? इसका मतलब अंदर से ही किसी ईमानदार व्यक्ति ने सच सामने लाया है।”

क्या है राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामला?

राम मंदिर में चढ़ावे और दान से जुड़ी कथित अनियमितताओं की जांच उत्तर प्रदेश सरकार के निर्देश पर गठित विशेष जांच टीम (SIT) कर रही है. प्रारंभिक जांच के बाद मामले में एफआईआर दर्ज की जा चुकी है. जांच एजेंसियां मंदिर परिसर में लगे सीसीटीवी फुटेज, दस्तावेजों और अन्य साक्ष्यों की जांच कर रही हैं. मामले में कई लोगों से पूछताछ भी की जा रही है.

हालांकि जांच अभी जारी है और अंतिम निष्कर्ष आना बाकी है. ऐसे में चोरी, गबन या अन्य आरोपों की पुष्टि जांच पूरी होने के बाद ही होगी.

Latest news

Related news