यमुनोत्री मार्ग पर फिर मंडराया खतरा, स्यानाचट्टी में उफनती यमुना ने बढ़ाई चिंता,7 जिलों में भारी बारिश का अलर्ट

Uttarakhand Weather देहरादून/उत्तरकाशी :  उत्तराखंड में लगातार हो रही बारिश के बीच चारधाम यात्रा से फिर से खतरे के बादल मंडरा रहे हैं. यमुनोत्री धाम का प्रमुख पड़ाव स्यानाचट्टी एक बार फिर प्राकृतिक आपदा की आशंका से घिर गया है. उफनती यमुना नदी, डडोटी खड्ड और कुपड़ा खड्ड से लगातार आ रहा मलबा तथा पहाड़ियों पर बढ़ता भूस्खलन स्थानीय लोगों के साथ-साथ यमुनोत्री यात्रा पर आने वाले श्रद्धालुओं के लिए भी चिंता का कारण बन गया है. इस बीच मौसम विभाग ने सोमवार के लिए राज्य के देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है.

Uttarakhand Weather:स्यानाचट्टी में फिर बढ़ा खतरा

स्थानीय लोगों के अनुसार, पिछले वर्ष भारी बारिश के दौरान मलबा और विशाल बोल्डर यमुना नदी में जमा हो गए थे, जिससे नदी का प्रवाह रुक गया और अस्थायी झील बन गई थी. उस आपदा में कई होटल, मकान और व्यावसायिक प्रतिष्ठानों को भारी नुकसान पहुंचा था.

अब डडोटी खड्ड से लगातार बहकर आ रहे मलबे और पत्थरों के कारण यमुना नदी का तल लगातार ऊंचा हो रहा है. इससे नदी का जलस्तर बढ़ते ही पानी और सिल्ट आसपास के होटलों व भवनों की निचली मंजिलों तक पहुंचने लगी है. हर तेज बारिश के साथ स्थानीय लोगों में भय का माहौल बना हुआ है.

भूस्खलन ने बढ़ाई परेशानी

यमुनोत्री राष्ट्रीय राजमार्ग के चौड़ीकरण के दौरान पहाड़ियों की कटिंग को लेकर भी स्थानीय लोग चिंता जता रहे हैं. उनका कहना है कि अवैज्ञानिक तरीके से की गई कटिंग के कारण लगातार भूस्खलन हो रहा है और कई बार बड़े-बड़े बोल्डर कस्बे तक पहुंच चुके हैं. इससे स्थानीय आबादी के साथ चारधाम यात्रा पर आने वाले हजारों श्रद्धालुओं की सुरक्षा पर भी खतरा बढ़ गया है.

हर मानसून में संकट झेल रहा इलाका

स्थानीय निवासियों का कहना है कि जब तक कुपड़ा खड्ड, डडोटी खड्ड, यमुना नदी और भूस्खलन प्रभावित पहाड़ियों के लिए वैज्ञानिक और स्थायी सुरक्षा व्यवस्था नहीं बनाई जाती, तब तक स्यानाचट्टी हर मानसून में आपदा के मुहाने पर खड़ा रहेगा. लोगों ने सरकार से दीर्घकालिक समाधान की दिशा में जल्द कार्रवाई की मांग की है.

कर्णप्रयाग में बारिश से मकान क्षतिग्रस्त

चमोली जिले के कर्णप्रयाग में शनिवार रात हुई भारी बारिश के कारण तहसील वार्ड में पुश्ता गिर गया, जिससे नंदलाल और उनके भाई राधेश्याम के मकान को नुकसान पहुंचा. स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने प्रभावित परिवार से मुलाकात कर हालचाल जाना और प्रशासन से सहायता उपलब्ध कराने की मांग की.

रुद्रप्रयाग में महिला की गदेरे में बहने से मौत

रुद्रप्रयाग जिले के जखोली विकासखंड के ग्राम स्वारा में घास लेने गई एक महिला तेज बहाव वाले गदेरे में बह गई. सूचना मिलने पर जल पुलिस, एसडीआरएफ और डीडीआरएफ की टीम मौके पर पहुंची. ग्रामीणों की मदद से महिला का शव बरामद कर पुलिस को आगे की कार्रवाई के लिए सौंप दिया गया.

देहरादून में बारिश और उमस

राजधानी देहरादून में रविवार को धूप और बारिश का दौर चलता रहा. कई इलाकों में हल्की बारिश हुई, जबकि देर शाम शहर के विभिन्न हिस्सों में तेज बारिश दर्ज की गई. दून का अधिकतम तापमान 32.3 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम 24.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया. शहर में 9.5 मिमी वर्षा दर्ज की गई.

7 जिलों में भारी बारिश का येलो अलर्ट

मौसम विभाग ने सोमवार के लिए देहरादून, रुद्रप्रयाग, चमोली, नैनीताल, चंपावत, पिथौरागढ़ और बागेश्वर में भारी बारिश का येलो अलर्ट जारी किया है. वहीं हरिद्वार और ऊधमसिंह नगर में भी गरज-चमक के साथ बारिश होने की संभावना जताई गई है. प्रशासन ने लोगों और यात्रियों से नदी-नालों के किनारे जाने से बचने तथा मौसम विभाग की एडवाइजरी का पालन करने की अपील की है.

Latest news

Related news