Saturday, June 27, 2026
Home Breaking News बिहार सीएम सम्राट चौधरी को मिली जान से मारने की धमकी,धमकी देने...

बिहार सीएम सम्राट चौधरी को मिली जान से मारने की धमकी,धमकी देने वाला गुजरात से गिरफ्तार

0
117
CM Samrat Chaudhary Threatened
CM Samrat Chaudhary Threatened

CM Samrat Chaudhary Threatened: बिहार की राजनीति और सुरक्षा महकमे से एक बड़ी खबर सामने आई है. प्रदेश के मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी को फोन पर जान से मारने की धमकी देने वाले शातिर शख्स को पुलिस ने धर दबोचा है. चौंकाने वाली बात यह है कि आरोपी बिहार का रहने वाला है, लेकिन उसने इस वारदात को गुजरात में बैठकर अंजाम दिया. जैसे ही धमकी की बात सामने आई, बिहार पुलिस और खुफिया एजेंसियां तुरंत अलर्ट मोड पर आ गईं.

CM Samrat Chaudhary Threatened : स्पेशल टीम ने गुजरात से पकड़ा 

मुंगेर पुलिस ने इस मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए विशेष टीम का गठन किया था. तकनीकी सर्विलांस और मोबाइल ट्रैकिंग के जरिए पुलिस ने अपराधी का पीछा करना शुरू किया. पुलिस की यह तलाश बिहार की सीमाओं को पार करते हुए गुजरात के साणंद जा पहुंची, जहां घेराबंदी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया.

बांका का रहने वाला है आरोपी शेखर यादव

पकड़े गए आरोपी की पहचान शेखर यादव के रूप में हुई है. पुलिस के अनुसार, शेखर मूल रूप से बिहार के ही बांका जिले का रहने वाला है.वह कुछ समय से गुजरात में रह रहा था. पुलिस ने उस मोबाइल फोन को भी बरामद कर लिया है, जिससे मुख्यमंत्री को कॉल कर जान से मारने की धमकी दी गई थी. आरोपी को लगा था कि वह राज्य से बाहर रहकर पुलिस की पहुंच से दूर रहेगा, लेकिन हाई-टेक सर्विलांस ने उसके मंसूबों पर पानी फेर दिया.

जैसे ही मुख्यमंत्री को धमकी मिलने की सूचना मुंगेर पुलिस को मिली, महकमे में हड़कंप मच गया. पुलिस ने एक पल की भी देरी किए बिना उस संदिग्ध नंबर को सर्विलांस पर डाला. जब लोकेशन गुजरात के साणंद इलाके की मिली, तो मुंगेर पुलिस की एक विशेष टीम तुरंत फ्लाइट से गुजरात के लिए रवाना हुई और स्थानीय पुलिस की मदद से आरोपी को दबोच लिया.

ट्रांजिट रिमांड पर बिहार ला रही है पुलिस

फिलहाल मुंगेर पुलिस आरोपी शेखर यादव को गुजरात की स्थानीय अदालत में पेश कर चुकी है. पुलिस उसे ट्रांजिट रिमांड पर लेकर बिहार वापस लौट रही है. मुंगेर पुलिस के अधिकारियों का कहना है कि आरोपी को बिहार लाने के बाद उससे कड़ी पूछताछ की जाएगी. मुख्यमंत्री जैसे संवैधानिक पद पर बैठे व्यक्ति को सीधी धमकी देना एक गंभीर अपराध है, जिसे पुलिस बेहद गंभीरता से ले रही है.

अभी इस बात का खुलासा होना बाकी है कि आखिर शेखर यादव ने मुख्यमंत्री को धमकी क्यों दी? क्या इसके पीछे उसकी कोई व्यक्तिगत खुन्नस थी, या वह किसी बड़े गिरोह या साजिश का हिस्सा है? पुलिस यह भी जांच रही है कि क्या आरोपी का कोई पुराना आपराधिक इतिहास है. असली सच्चाई बिहार पहुंचने और गहन पूछताछ के बाद ही सामने आ पाएगी. मुख्यमंत्री की सुरक्षा को देखते हुए बांका और मुंगेर में भी पुलिस अलर्ट पर है.