BJP State Incharge List 2026 : भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने संगठन में राज्य प्रभारियों और सह-प्रभारियों की नई जिम्मेदारियां तय की हैं. पार्टी की ओर से जारी सूची में कई वरिष्ठ नेताओं को अलग-अलग राज्यों का संगठनात्मक जिम्मा सौंपा गया है. यह बदलाव ऐसे समय हुआ है जब भाजपा विभिन्न राज्यों में संगठन को मजबूत करने पर जोर दे रही है.
नई सूची के मुताबिक स्मृति ईरानी को हरियाणा और छत्तीसगढ़ का प्रभारी बनाया गया है. वहीं संगठन में लंबे अनुभव वाले सुनील बंसल को पश्चिम बंगाल और तेलंगाना की जिम्मेदारी दी गई है.
Bharatiya Janata Party (@BJP4India) appoints party in-charges and co-incharges for various States and UTs pic.twitter.com/xCDGVzPh0D
— Lok Poll (@LokPoll) September 23, 2026
BJP State Incharge List 2026:विनोद तावड़े के पास यूपी की कमान
उत्तर प्रदेश के लिए भाजपा ने विनोद तावड़े को प्रभारी बनाए रखने पर मुहर लगाई है. तावड़े को अगस्त 2026 में ही उत्तर प्रदेश का प्रभारी नियुक्त किया गया था. उनके साथ जगदीश ईश्वरभाई पटेल को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई थी.
उत्तर प्रदेश में 2027 का विधानसभा चुनाव संगठन के लिए महत्वपूर्ण है. ऐसे में राज्य प्रभारी की भूमिका प्रदेश संगठन और केंद्रीय नेतृत्व के बीच समन्वय में अहम होगी.
राम माधव को उत्तराखंड की जिम्मेदारी
भाजपा ने राम माधव को उत्तराखंड का नया प्रभारी बनाया है. उनके साथ बांसुरी स्वराज को सह-प्रभारी की जिम्मेदारी दी गई है.
राम माधव इससे पहले भाजपा की राष्ट्रीय टीम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष के तौर पर वापसी कर चुके हैं. अगस्त में घोषित पार्टी की राष्ट्रीय टीम में उन्हें राष्ट्रीय उपाध्यक्ष बनाया गया था.
दिल्ली संगठन में भी बदलाव
राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली के संगठन में भी नई जिम्मेदारियां तय की गई हैं. विनय सहस्रबुद्धे को दिल्ली भाजपा का इंचार्ज बनाया गया है. वहीं जमयांग नामग्याल और दर्शना जरदोश को को-इंचार्ज की जिम्मेदारी दी गई है.
भाजपा की नई संगठनात्मक नियुक्तियों में राष्ट्रीय स्तर पर भी कई बदलाव हुए हैं. अगस्त में घोषित नई राष्ट्रीय टीम में स्मृति ईरानी और विनोद तावड़े को राष्ट्रीय महामंत्री बनाया गया था, जबकि सुनील बंसल भी राष्ट्रीय महामंत्री की जिम्मेदारी में शामिल किए गए थे.
संगठन में बड़े स्तर पर बदलाव
भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन की नई राष्ट्रीय टीम में राष्ट्रीय उपाध्यक्ष, महामंत्री, मंत्री, मोर्चा अध्यक्ष और मीडिया-सोशल मीडिया से जुड़े पदों पर कई नियुक्तियां की गई थीं. स्मृति ईरानी को राष्ट्रीय महामंत्री और राम माधव को राष्ट्रीय उपाध्यक्ष की जिम्मेदारी मिली थी.
राज्य प्रभारियों में हुए ताजा बदलाव को इसी व्यापक संगठनात्मक पुनर्गठन की अगली कड़ी के तौर पर देखा जा रहा है. हालांकि, अलग-अलग राज्यों में इन नेताओं की भूमिका और प्राथमिकताएं संबंधित प्रदेश संगठन के साथ समन्वय के आधार पर तय होंगी.

