पीएम मोदी पर किए ‘Gayab’ तंज को लेकर बीजेपी का कांग्रेस पर पलटवार, कहा- आतंक का जवाब गोलियों से दिया जाएगा, बिरयानी से नहीं

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) ने मंगलवार को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी को निशाना बनाने वाले एक सोशल मीडिया पोस्ट को लेकर कांग्रेस पर निशाना साधा और विपक्षी पार्टी पर जम्मू-कश्मीर के पहलगाम आतंकवादी हमले के बाद पाकिस्तान के बयान से जुड़ने का आरोप लगाया. इस हमले में 26 लोगों की मौत हो गई थी.
भाजपा ने कांग्रेस के आधिकारिक एक्स हैंडल द्वारा साझा किए गए पोस्ट पर चिंता जताई, जिसमें प्रधानमंत्री की बिना सिर वाली आकृति दिखाई गई थी और कैप्शन में लिखा था ‘Gayab’.
बीजेपी ने इसके जवाब में अपने एक्स हैंडल से एक तस्वीर साझा कर कांग्रेस और पाकिस्तान की मानसिकता को एक ही बताया है.

‘सर तन से जुदा’ उनकी (कांग्रेस) विचारधारा है’- गौरव भाटिया

भाजपा प्रवक्ता गौरव भाटिया ने दिल्ली में पत्रकारों से बात करते हुए कहा, “यह चिंताजनक है कि एक राष्ट्रीय पार्टी होने के बावजूद कांग्रेस अपने दोहरे मानदंडों के साथ लश्कर-ए-पाकिस्तान कांग्रेस की तरह हो गई है. कांग्रेस को भारत के प्रधानमंत्री की बिना सिर वाली तस्वीर साझा करने के लिए आलोचनाओं का सामना करना पड़ रहा है, जबकि प्रधानमंत्री मोदी ने आतंकवाद को प्रायोजित करने के लिए पाकिस्तान को कड़ा संदेश दिया था. कांग्रेस ने ऐसी तस्वीर इसलिए साझा की क्योंकि ‘सर तन से जुदा’ उनकी विचारधारा है.”
भाटिया ने कांग्रेस पर निशाना साधते हुए पूछा कि पहलगाम हमले पर सरकार को राहुल गांधी और मल्लिकार्जुन खड़गे का समर्थन सच्चा है या दिखावा. उन्होंने पूछा, “राहुल गांधी एक्स पर शेयर की गई पोस्ट पर एक शब्द क्यों नहीं बोलते? कांग्रेस पाकिस्तान के साथ क्यों खड़ी है?”

आतंक का जवाब गोलियों से दिया जाएगा, बिरयानी से नहीं-बीजेपी

इसके साथ ही बीजेपी ने अपने एक्स हैंडल पर एक पोस्ट भी लिखी है जिसमें कांग्रेस को आड़े हाथों लेते हुए लिखा है, आतंक का जवाब गोलियों से दिया जाएगा, बिरयानी से नहीं. बीजेपी ने पोस्ट में लिखा, “कांग्रेस ने कट्टरपंथी ‘सर तन से जुदा’ नारे को दुहराने के लिए बिना सिर वाला कुर्ता पहना है, जो मुस्लिम लीग 2.0 में इसकी निरंतर गिरावट को उजागर करता है – विभाजनकारी, हताश और दिशाहीन.
अब जबकि प्रधानमंत्री श्री @narendramodi ने वही भाषा बोली है जो पाकिस्तान समझता है, इस्लामाबाद के आधिकारिक हैंडल उसी तरह सिर काटने की बात दोहरा रहे हैं, अपने जिहादी पंथ को उजागर कर रहे हैं.
पाकिस्तान और उसके साथी @INCIndia को जितनी धमकी देनी है, दें; नया भारत न झुकेगा, न टूटेगा. आतंक का जवाब गोलियों से दिया जाएगा, बिरयानी से नहीं. यह निर्णायक नेतृत्व का युग है.”

कांग्रेस ने उठाए पीएम के सर्वदलीय बैठक से ‘Gayab’ रहने पर सवाल

कांग्रेस सांसद जयराम रमेश ने कहा, “हालांकि प्रधानमंत्री 24 अप्रैल को (जब बैठक हुई थी) सऊदी अरब की अपनी यात्रा बीच में ही छोड़कर वापस लौट आए थे, लेकिन वे एक रैली को संबोधित करने के लिए बिहार चले गए. उनके पास चुनावी भाषण देने के लिए समय है, लेकिन क्या उनके पास सर्वदलीय बैठक के लिए समय या रुचि नहीं है?”
इससे पहले, भाजपा ने पहलगाम हमले पर कांग्रेस के कई नेताओं द्वारा दिए गए बयानों पर कांग्रेस की आलोचना की थी. बाद में कांग्रेस ने स्पष्ट किया कि ये व्यक्तियों के निजी विचार थे और पार्टी का रुख नहीं था.

ये भी पढ़ें-भगोड़े Mehul Choksi ने प्रत्यर्पण से बचने दायर की नई याचिका, जानिए बेल्जियम के अधिकारियों पर लगाया क्या आरोप

Latest news

Related news