Jake Jacking’s iPhone Recovery : लखनऊ (10 जून) : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश पुलिस की तकनीकी दक्षता और त्वरित कार्रवाई का एक और उदाहरण सामने आया है. आईपीएल फाइनल मैच के दौरान चोरी हुआ ऑस्ट्रेलियाई सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर और क्रिकेट कंटेंट क्रिएटर जेक जैकिंग्स का मोबाइल फोन अलीगढ़ पुलिस ने बरामद कर उन्हें वापस सौंप दिया. इस कार्रवाई की सराहना खुद विदेशी इन्फ्लुएंसर ने की है, जिससे अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्तर प्रदेश पुलिस की सकारात्मक छवि और मजबूत हुई है.
Jake Jacking’s iPhone Recovery:आईपीएल फाइनल के दौरान चोरी हुआ था मोबाइल
ऑस्ट्रेलिया के लोकप्रिय कंटेंट क्रिएटर जेक जैकिंग्स का आईफोन 31 मई को अहमदाबाद में आयोजित आईपीएल फाइनल मैच के दौरान चोरी हो गया था. मोबाइल चोरी होने के बाद वह लगातार उसकी तलाश में जुटे रहे.
2 जून को मोबाइल की लोकेशन उत्तर प्रदेश के अलीगढ़ में दिखाई देने पर जेक जैकिंग्स ने सोशल मीडिया के माध्यम से अलीगढ़ पुलिस से सहायता मांगी. उनकी अपील के बाद पुलिस ने तत्काल कार्रवाई शुरू कर दी.
सर्विलांस सेल ने दिखाई तकनीकी दक्षता
मामले को गंभीरता से लेते हुए अलीगढ़ पुलिस की सर्विलांस टीम सक्रिय हुई. आधुनिक डिजिटल ट्रैकिंग सिस्टम, तकनीकी साक्ष्यों और साइबर निगरानी तंत्र की मदद से पुलिस ने मोबाइल की तलाश शुरू की.
कुछ ही दिनों में पुलिस टीम ने मोबाइल फोन बरामद कर लिया. आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी करने के बाद जेक जैकिंग्स को पुलिस कार्यालय में उनका मोबाइल सुरक्षित लौटा दिया गया.
जेक जैकिंग्स ने जताया आभार
मोबाइल वापस मिलने के बाद जेक जैकिंग्स ने वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक से मुलाकात कर पूरी टीम का धन्यवाद किया। उन्होंने विशेष रूप से सर्विलांस सेल की कार्यकुशलता और तेज कार्रवाई की प्रशंसा की.
जेक ने कहा कि अलीगढ़ पुलिस ने बेहद कम समय में प्रभावी कार्रवाई कर उनका भरोसा जीता है. एक विदेशी नागरिक और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर लोकप्रिय इन्फ्लुएंसर द्वारा की गई यह सराहना उत्तर प्रदेश पुलिस की पेशेवर छवि को वैश्विक मंच पर और मजबूत करती है.
तकनीक आधारित पुलिसिंग पर योगी सरकार का फोकस
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन में उत्तर प्रदेश पुलिस पिछले कुछ वर्षों से तकनीक आधारित पुलिसिंग को मजबूत करने पर विशेष ध्यान दे रही है. साइबर मॉनिटरिंग, डिजिटल सर्विलांस नेटवर्क, डेटा आधारित जांच और आधुनिक तकनीकी संसाधनों के उपयोग से प्रदेश की कानून-व्यवस्था व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाया गया है.
प्रदेशभर में पुलिस की जवाबदेही, त्वरित कार्रवाई और तकनीकी क्षमता बढ़ाने के प्रयासों का असर अब जमीन पर दिखाई दे रहा है. अलीगढ़ पुलिस की यह सफलता उसी दिशा में एक महत्वपूर्ण उपलब्धि मानी जा रही है.
अंतरराष्ट्रीय स्तर पर मजबूत हुई यूपी की छवि
जेक जैकिंग्स के मोबाइल की बरामदगी केवल एक चोरी के मामले का समाधान नहीं है, बल्कि यह उत्तर प्रदेश पुलिस की तकनीकी दक्षता और पेशेवर कार्यशैली का उदाहरण भी है. इस घटना ने एक बार फिर साबित किया है कि आधुनिक तकनीक और प्रभावी पुलिसिंग के दम पर उत्तर प्रदेश अंतरराष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी सकारात्मक पहचान स्थापित कर रहा है.

