Delhi IRS Officer’s Daughter Murder :दिल्ली के पॉश इलाके में IRS अधिकारी की बेटी की बेरहमी से हत्या करने वाले आरोपी राहुल मीणा को साकेत कोर्ट ने 4 दिनों की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है. दिल्ली पुलिस ने आरोपी को अपराध स्थल का मुआयना कराने और सबूतों की बरामदगी के लिए राजस्थान के अलवर ले जाने के उद्देश्य से रिमांड की मांग की थी. सुनवाई के दौरान आरोपी के शरीर पर चोट के निशान भी देखे गए, जिनका उसने कोर्ट के सामने खुलासा किया.
Delhi IRS Officer’s Daughter Murder : कोर्ट में आरोपी ने जताया पछतावा
कोर्ट रूम की कार्यवाही के दौरान राहुल मीणा ने अपना जुर्म कबूल करते हुए कहा कि उसे अपने किए पर खेद है. आरोपी ने चौंकाने वाला बयान देते हुए कहा कि वह घर में केवल लूटपाट करने के इरादे से दाखिल हुआ था और उसका मकसद सिर्फ पैसे हासिल करना था. पुलिस ने राहुल के पास से चोरी की गई नकदी और कीमती गहने भी बरामद कर लिए हैं.
पुरानी रंजिश और योजनाबद्ध वारदात
19 वर्षीय आरोपी राहुल मीणा पहले इसी घर में घरेलू सहायक के रूप में काम करता था. करीब एक महीने पहले बिलों में हेराफेरी करने के आरोप में उसे नौकरी से निकाल दिया गया था. इसी वजह से वह परिवार की दिनचर्या से अच्छी तरह वाकिफ था. उसे पता था कि 21 वर्षीय पीड़िता के माता-पिता सुबह की सैर पर कब जाते हैं और इसी का फायदा उठाकर उसने बुधवार सुबह वारदात को अंजाम दिया.
हैवानियत और लूट की खौफनाक दास्तां
पुलिस सूत्रों के अनुसार, राहुल बुधवार सुबह करीब 6:49 बजे घर में घुसा था. उस वक्त पीड़िता अपने कमरे में यूपीएससी की तैयारी कर रही थी. आरोपी ने दुष्कर्म की नीयत से पीड़िता का गला दबाया और फिर किसी भारी वस्तु से उसके सिर पर हमला कर दिया. जब वह बेहोश हो गई, तो आरोपी उसे घसीटकर दूसरे कमरे में ले गया, जहां लॉकर रखा था.
बायोमेट्रिक लॉक खोलने की नाकाम कोशिश
आरोपी ने पीड़िता के फिंगरप्रिंट का इस्तेमाल कर बायोमेट्रिक लॉकर खोलने की कोशिश की थी, लेकिन सफल नहीं होने पर उसने पेचकस (स्क्रूड्राइवर) से लॉकर को तोड़ दिया. गहने और नकदी समेटने के बाद राहुल ने खून से सने कपड़े बदले और माता-पिता के लौटने से करीब 30 मिनट पहले वहां से फरार हो गया. सीसीटीवी फुटेज के अनुसार, आरोपी करीब 40 मिनट तक घर के भीतर रहा था.
होटल में छिपा था आरोपी
पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी को दिल्ली के द्वारका इलाके के एक होटल से गिरफ्तार किया, जहां वह छिपकर बैठा था. मृतका आईआईटी दिल्ली से इंजीनियरिंग स्नातक थी और भविष्य के बड़े सपने देख रही थी, जिसे एक सनकी अपराधी ने चंद पैसों की खातिर खत्म कर दिया. पुलिस अब इस मामले में आगे की कड़ियां जोड़ रही है.

