UP Police Recruitment : उत्तर प्रदेश में अगले साल होने वाले विधानसभा चुनाव से पहले योगी आदित्यनाथ सरकार ने प्रदेश के युवाओं के लिए रोजगार के नए द्वार खोले हैं. मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने गुरुवार को लखनऊ में पुलिस विभाग के आला अधिकारियों के साथ एक महत्वपूर्ण समीक्षा बैठक की. इस बैठक में सीएम ने ऐलान किया कि वित्तीय वर्ष 2026-27 में यूपी पुलिस में 81,000 से अधिक पदों पर बंपर भर्तियां की जाएंगी.
UP Police Recruitment:भर्ती प्रक्रिया में पारदर्शिता और आरक्षण का सख्त निर्देश
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह से शुचिता, पारदर्शिता और समयबद्धता के साथ पूरी होनी चाहिए.उन्होंने जोर देकर कहा कि:
-
चयन प्रक्रिया में मेरिट और आरक्षण नियमावली का कड़ाई से पालन किया जाए.
-
भर्ती में किसी भी तरह के भ्रष्टाचार के खिलाफ जीरो टॉलरेंस की नीति अपनाई जाएगी.
-
योग्य उम्मीदवारों को बिना किसी भेदभाव के रोजगार के अवसर मिलेंगे.
PRV-112 का रिस्पॉन्स टाइम और कम करने पर जोर
बैठक के दौरान सीएम योगी ने पीआरवी-112 सेवा की भी समीक्षा की. वर्तमान में पुलिस का औसत रिस्पॉन्स टाइम लगभग 6 मिनट है, जिसे और कम करने के निर्देश दिए गए हैं. मुख्यमंत्री ने कहा कि:
“पीआरवी वाहनों की स्ट्रेटजिक लोकेशन तय की जाए ताकि जनता में सुरक्षा का विश्वास बढ़े और अपराधियों के बीच एक स्पष्ट संदेश जाए।”
सक्षम और आधुनिक पुलिस बल की तैयारी
मुख्यमंत्री कार्यालय के अनुसार, यह बड़ी भर्ती न केवल युवाओं को रोजगार देगी, बल्कि उत्तर प्रदेश को एक सक्षम, ऊर्जावान और आधुनिक पुलिस बल भी प्रदान करेगी। बैठक में भ्रष्टाचार में लिप्त लोगों के खिलाफ तेज कार्रवाई करने के भी निर्देश दिए गए हैं।

