Bhilai Chess Championship भिलाई : भिलाई में शुक्रवार से छत्तीसगढ़ स्टेट जूनियर फीडे रेटेड शतरंज चैम्पियनशिप का भव्य आगाज हो गया. ऑल इंडिया चेस फेडरेशन के निर्देशन में छत्तीसगढ़ प्रदेश शतरंज संघ और जिला शतरंज संघ दुर्ग की ओर से आयोजित यह प्रतियोगिता 14 से 16 अगस्त तक सेक्टर-6 स्थित जैन भवन में आयोजित की जा रही है.
चैम्पियनशिप का शुभारंभ शुक्रवार सुबह 10 बजे वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विजय अग्रवाल ने किया. कार्यक्रम की अध्यक्षता समाजसेविका डॉ. मानसी गुलाटी ने की, जबकि समाजसेवी कैलाश जैन बरमेचा विशिष्ट अतिथि के तौर पर मौजूद रहे.
Bhilai Chess Championship:17 जिलों से खिलाड़ी ले रहे हिस्सा
जिला शतरंज संघ के अध्यक्ष ईश्वर सिंह राजपूत और सचिव तुलसी सोनी ने बताया कि प्रतियोगिता में छत्तीसगढ़ के 17 जिलों से करीब 200 खिलाड़ी हिस्सा ले रहे हैं. खिलाड़ियों के बीच कुल 8 चक्रों में मुकाबले होंगे.
फीडे रेटेड इस प्रतियोगिता को जूनियर खिलाड़ियों के लिए महत्वपूर्ण माना जा रहा है. प्रतियोगिता के जरिए खिलाड़ियों को राज्य स्तर पर अपनी रेटिंग और प्रतिभा साबित करने का मौका मिलेगा.
12 खिलाड़ियों का होगा राष्ट्रीय चैम्पियनशिप के लिए चयन
प्रतियोगिता में अंडर-17 और अंडर-19 वर्ग के कुल 12 खिलाड़ियों का चयन राष्ट्रीय जूनियर शतरंज चैम्पियनशिप के लिए किया जाएगा. ऐसे में खिलाड़ियों के बीच कड़ी प्रतिस्पर्धा देखने को मिल रही है.
आयोजकों के मुताबिक, प्रतियोगिता के विजेताओं को 7 हजार रुपये तक की नगद पुरस्कार राशि के साथ ट्रॉफी और मेडल देकर सम्मानित किया जाएगा.
इंटरनेशनल आर्बिटर रॉकी देवांगन संभालेंगे जिम्मेदारी
चैम्पियनशिप के मुख्य निर्णायक की जिम्मेदारी इंटरनेशनल आर्बिटर रॉकी देवांगन संभाल रहे हैं. तीन दिनों तक चलने वाली इस प्रतियोगिता में प्रदेशभर से पहुंचे युवा शतरंज खिलाड़ी अपनी रणनीति और खेल कौशल का प्रदर्शन करेंगे.

