क्या प्रवेश वर्मा की शीशमहल पार्ट 2 की दिखाई तस्वीरें हैं फर्जी ? भाजपा के दावें पर भड़की आप

Delhi Sheesh Mahal Part -2 : दिल्ली की सियासत में ‘शीशमहल’ का जिन्न एक बार फिर बाहर आ गया है। इस बार मुद्दा अरविंद केजरीवाल का नया ठिकाना, 95 लोधी एस्टेट स्थित बंगला है। दिल्ली सरकार के मंत्री प्रवेश वर्मा ने इस घर को ‘शीशमहल-2’ करार देते हुए कुछ तस्वीरें सार्वजनिक की हैं, जिसके बाद आम आदमी पार्टी और भाजपा के बीच जुबानी जंग तेज हो गई है.

Delhi Sheesh Mahal Part-2: केजरीवाल की तुलना ‘रहमान डकैत’ से..

दिल्ली के मंत्री प्रवेश वर्मा ने एक प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान अरविंद केजरीवाल पर हमलावर होते हुए उनकी तुलना फिल्म ‘धुरंधर’ के किरदार ‘रहमान डकैत’ से कर दी. वर्मा ने आरोप लगाया कि जैसे फिल्मों के सीक्वल आते हैं, वैसे ही केजरीवाल का ‘शीशमहल-2’ सामने आया है. उन्होंने सवाल उठाया कि जब दिल्ली कोरोना की मार झेल रही थी, तब केजरीवाल अपने महल को सजाने में व्यस्त थे.

आम आदमी पार्टी का पलटवार: तस्वीरों को बताया सरासर झूठ

भाजपा के इन दावों पर आम आदमी पार्टी की ओर से पूर्व मुख्यमंत्री आतिशी ने मोर्चा संभाला है. उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म ‘एक्स’ पर कड़ा रुख अपनाते हुए प्रवेश वर्मा द्वारा जारी की गई तस्वीरों को पूरी तरह फर्जी करार दिया. आतिशी ने स्पष्ट किया कि जो तस्वीरें मीडिया में दिखाई जा रही हैं, उनका अरविंद केजरीवाल के नए घर से कोई लेना-देना नहीं है.

आतिशी की LG और रेखा गुप्ता को खुली चुनौती

विवाद को और हवा देते हुए आतिशी ने एक बड़ी चुनौती पेश की है. उन्होंने कहा कि अगर सादगी और विलासिता की जांच ही करनी है, तो भाजपा नेता रेखा गुप्ता और उपराज्यपाल (LG) साहब अपने-अपने घरों के दरवाजे जनता और मीडिया के लिए खोल दें. उन्होंने कहा कि केजरीवाल भी अपना घर दिखा देंगे और फिर दिल्ली की जनता खुद तय कर लेगी कि कौन सादगी से रहता है और कौन आलीशान महल में.

‘आलीशान आदमी पार्टी’ का तंज और पंजाब कनेक्शन

प्रवेश वर्मा ने तंज कसते हुए कहा कि अब आम आदमी पार्टी का नाम बदलकर ‘अलीशान आदमी पार्टी’ कर देना चाहिए. उन्होंने आरोप लगाया कि केजरीवाल ने पंजाब में भी एक और शीशमहल बनवा लिया है. वर्मा का दावा है कि केजरीवाल भगवंत मान के घर के पास बने चार बड़े सरकारी बंगलों का उपयोग कर रहे हैं, जिनमें सत्येंद्र जैन, मनीष सिसोदिया और संजय सिंह जैसे नेता भी शामिल हैं.

लोधी रोड बंगले के फंड पर उठे गंभीर सवाल

भाजपा नेता ने लोधी रोड स्थित नए बंगले की साज-सज्जा पर हुए खर्च को लेकर जांच की मांग की है। उन्होंने सवाल किया कि इस बंगले में किस कंपनी का पैसा लगा है और इतनी विलासिता के लिए फंड कहां से आया? वर्मा ने आरोप लगाया कि केजरीवाल की इसी ‘लालच’ और दिखावे की राजनीति के कारण पार्टी के ईमानदार कार्यकर्ता साथ छोड़ रहे हैं।

दिल्ली की जनता के सामने ‘घर’ का सच

फिलहाल, दिल्ली की राजनीति इन तस्वीरों और दावों के इर्द-गिर्द सिमट गई है. जहाँ भाजपा इसे भ्रष्टाचार और जनता के पैसे की बर्बादी बता रही है, वहीं आम आदमी पार्टी इसे अपनी छवि खराब करने की साजिश मान रही है. अब देखना यह है कि क्या केजरीवाल वाकई अपने नए घर के दरवाजे मीडिया के लिए खोलते हैं या यह ‘शीशमहल’ विवाद आने वाले चुनाव तक ऐसे ही गरमाता रहेगा.

Latest news

Related news