फुटपाथ पर सो रहे 7 साल के मासूम पर गिरी पेड़ की टहनी, दर्दनाक हादसा

राजगीर। बिहार के पर्यटन नगरी राजगीर से एक बेहद दर्दनाक हादसा सामने आया है, जहां सड़क किनारे सो रहे एक 7 वर्षीय मासूम की पेड़ की भारी टहनी गिरने से मौत हो गई। इस घटना के बाद परिवार में चीख-पुकार मच गई और पूरे इलाके में शोक का माहौल है।

फुटपाथ पर सोते समय हुआ हादसा

राजगीर थाना क्षेत्र के गौरक्षणी के पास शुक्रवार अहले सुबह यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि सड़क किनारे फुटपाथ पर सो रहे मासूम अमरजीत कुमार के ऊपर अचानक पेड़ की भारी टहनी गिर गई। इस हादसे में बच्चे की मौके पर ही दबकर मौत हो गई। मृतक की पहचान राजगीर निवासी सोनू मांझी के 7 वर्षीय पुत्र अमरजीत कुमार के रूप में हुई है।

ट्रक के गुजरने से टूटी टहनी, मासूम पर गिरी

मृतक के नाना दशरथ मांझी ने बताया कि पूरा परिवार फुटपाथ पर झोपड़ी बनाकर रहता है। शुक्रवार सुबह करीब 4 बजे अमरजीत झोपड़ी के बाहर सो रहा था। इसी दौरान एक तेज रफ्तार ट्रक सड़क से गुजरा, जिसके झटके या टक्कर से पेड़ की बड़ी टहनी टूटकर सीधे बच्चे के ऊपर गिर गई। परिजन जब तक बाहर निकलते, तब तक मासूम टहनी के नीचे दब चुका था और उसकी मौत हो चुकी थी।

गरीबी में गुजर-बसर कर रहा था परिवार

अमरजीत का परिवार बेहद गरीब है। परिवार के सदस्य दिन में ब्रह्म कुंड परिसर में भिक्षाटन कर अपना और बच्चों का पेट पालते हैं। इस अचानक हुए हादसे ने परिवार पर दुखों का पहाड़ तोड़ दिया है। घटना के बाद स्थानीय लोगों में प्रशासन के खिलाफ नाराजगी देखी गई। लोगों का कहना है कि सड़क किनारे झुकी पेड़ की टहनियों की समय पर कटाई नहीं की गई, जिसके कारण यह हादसा हुआ। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते पेड़ों की छटाई कर दी जाती, तो इस मासूम की जान बचाई जा सकती थी।

पुलिस जांच में जुटी, अज्ञात वाहन की तलाश

घटना की सूचना मिलते ही राजगीर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थिति का जायजा लिया। थानाध्यक्ष रमन कुमार ने बताया कि शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए बिहार शरीफ सदर अस्पताल भेज दिया गया है। प्राथमिक जांच में सामने आया है कि किसी अज्ञात वाहन के झटके से टहनी गिरी। फिलहाल पुलिस उस वाहन की पहचान में जुटी है और परिजनों के आवेदन के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

Latest news

Related news